हिसार, नई दिल्ली। इंडियन अचीवर्स अवाॅर्ड विजेता डाॅ. नवीन अग्रवाल समेत छह लोगों को अल्प्राजोलम नामक मादक पदार्थ के निर्माण और आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4.20 करोड़ कीमत का 18 किलोग्राम अल्प्राजोलम पाउडर और 1.17 करोड़ की नकदी भी बरामद की है। नवीन अग्रवाल हिसार में आरएसएस के एक जिला स्तर के पदाधिकारी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। काफी समय तक हिसार के सेक्टर 14 में रहे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह मादक पदार्थ कथित तौर पर हिसार जिले के गांव सीसवाल स्थित बायोकेस फूड्स एंड एक्सट्रैक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की एक इकाई में बनाया गया था। जिसका मालिक डॉ. नवीन अग्रवाल है। अग्रवाल को पिछले साल ‘सीईओ ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार भी मिला था। वह हिसार स्थित दवा फैक्टरियों में साइकोट्रोपिक मादक पदार्थ अल्प्राजोलम बना रहा था। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी करीब एक हजार करोड़ रुपये की कीमत का मादक पदार्थ बाजार में सप्लाई कर चुका है। दिल्ली पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमित गोयल ने बताया कि साक्षी एंटरप्राइजेज लिमिटेड नामक दवा कंपनी के मालिक आनंद कुमार उर्फ सोनू को भी इन पदार्थों के धंधे में लिप्त होने के कारण गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने डॉ. अग्रवाल के अलावा आनंद कुमार उर्फ सोनू, दीपक कुमार, राजेंद्र कुमार मिश्रा, राम आशीष मौर्य और मुकेश कुमार को पकड़ा है।
अल्प्राजोलम की खेप लेने पहुंचा था आरोपी, घात लगाए बैठी पुलिस ने दबोचा
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ‘अल्प्राजोलम’ नामक मादक पदार्थ की में लिप्त आरोपियों पर पुलिस की कड़ी नजर थी। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि एक आरोपी अल्प्राजोलम की तस्करी लेने के लिए दिल्ली में मेन वजीराबाद रोड पहुंचने वाला है। मौके पर इंतजार कर रही पुलिस टीम ने वहां पहुंचते ही राजेंद्र प्रसाद मिश्रा (48 वर्ष) को दबोच लिया। उसकी स्कूटी से एक नीले रंग का प्लास्टिक का कट्टा बरामद किया गया। जिसमें कुल 18 किलोग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपी दीपक कुमार ने खुलासा किया कि अल्प्राजोलम पाउडर हिसार जिले के गांव सीसवाल स्थित बायोकेस फूड्स एंड एक्सट्रैक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बना था। पुलिस ने फैक्टरी मालिक डॉ. नवीन अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कंपनी से अल्प्राजोलम पाउडर के नमूने मिले हैं।
बागपत का निवासी दीपक कुमार निवासी बीएससी ड्रॉप आउट हैं। उन्हें रासायन का ज्ञान है। 2021 में वह हिसार के डॉ. नवीन अग्रवाल के संपर्क में आया। उन्होंने फैक्टरी यानी बायोकेस फूड्स एंड एक्सट्रैक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में अल्प्राजोलम पाउडर बनाना शुरू किया। डॉ. नवीन अग्रवाल की गांव आर्यनगर में न्यूट्रीली प्राइवेट लिमिटेड कंपनी भी है, जिसमें हर्बल हेल्थ प्रोडेक्ट बनते हैं। जानकारी के अनुसार डॉ. नवीन अग्रवाल मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं। उन्होंने पहले हिसार सेक्टर 27-28 में अपनी फैक्टरी चलाई। इसके बाद सीसवाल में फैक्टरी लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि करीब आठ महीने पहले इस फैक्टरी को बंद कर दिया गया था।