हिसार। आजाद नगर थाना पुलिस ने भाई की हत्या के मामले में कैमरी मार्ग स्थित श्याम एनक्लेव कॉलोनी निवासी आरोपी बहन पूजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। दूसरा आरोपी पूजा का दोस्त साकेत कॉलोनी निवासी अनिल फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी पूजा ने बताया कि साकेत कॉलोनी निवासी अनिल के साथ उसकी दोस्ती है और अनिल का हमारे घर आना-जाना था। भाई राजेश को अनिल के घर आने-जाने पर आपत्ति थी और वह मां और बहन को कहता था कि वे उसे घर न आने दें। पूजा ने अनिल के घर आने पर रोक लगाने की वजह से भाई राजेश को घर से निकाल दिया था। राजेश 9 मार्च की रात घर के बाहर आया और बहन के साथ गालीगलौज करने लगा। पुलिस के अनुसार पूजा ने फोन कर दोस्त अनिल को बुलाया था। फिर उन्होंने ईंट से हमला कर राजेश की हत्या की थी। आजाद नगर थाना पुलिस ने मृतक की मां विद्या देवी के बयान पर पूजा व उसके दोस्त अनिल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।