हिसार। अमृतधारी सिख युवक मिलनवीर सिंह को सीईटी की परीक्षा में कड़ा पहनकर जाने पर पुलिस कर्मियों ने उसे गेट पर ही रोक दिया। सेक्टर 16-17 स्मॉल वंडर में परीक्षा देने पहुंचे मिलनवीर सिंह को गेट के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों ने कृपाण ले जाने की अनुमति तो दे दी लेकिन कड़े सहित परीक्षा में जाने से मना कर दिया। मिलनवीर सिंह ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के पूर्व प्रधान सरदार सुखसागर सिंह के पास फोन किया। सरदार सुखसागर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके तैनात पुलिस कर्मियों से कहा कि सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक सिख उम्मीदवार अपने पांच चिह्नों के साथ परीक्षा दे सकता है, जिसमें कड़ा भी शामिल है। पुलिस कर्मी अपनी बात पर अड़े रहे। उन्होंने सिविल लाइन थाना एसएचओ को भी फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस दौरान मीडिया कर्मी पर मौके पर पहुंचे। स. सुखसागर सिंह ने प्रोटोकॉल अधिकारी से बात करवाने की बात कही लेकिन प्रोटोकॉल अधिकारी भी वहां मौजूद नहीं थे। सुखसागर ने धरने की बात कही तो पुलिस कर्मियों ने आला अधिकारियों से बात की जिस पर युवक को कड़ा व कृपाण सहित परीक्षा में जाने की अनुमति दी।