जानकारी के अनुसार नगर निगम की तहबाजारी टीम ने बुधवार को अर्बन एस्टेट टू की मार्केट से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने शोरूम के बरामदों में रखे सामान व होर्डिंग को अपने कब्जे में लेकर गाड़ी में डालना शुरू कर दिया। इसे लेकर कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध कर दिया। इस दौरान निगम टीम और दुकानदारों में बहसबाजी शुरू हो गई। यह देखकर वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गई। कुछ दुकानदार इस बात पर अड़े हुए कि अन्य दुकानों के बाहर रखे सामान पर भी कार्रवाई की जाए। इस पर निगम टीम ने कहा कि सभी दुकानों के आगे से अवैध अतिक्रमण हटाया जाएगा। टीम के इस आश्वासन के बाद दुकानदार शांत हो गए।
कुछ दुकानदारों का आरोप था कि अतिक्रमण हटाने के दौरान भेदभाव बरता जा रहा है। कुछ दुकानदारों के पिलरों पर लगे पोस्टरों को ही हटाया जा रहा है जबकि कुछ दुकानों के आगे बरामदों में रखे सामान को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। दुकानदारों ने सवाल उठाया कि पिलरों पर लगे पोस्टरों आदि को क्यों हटाया जा रहा है। इस पर निगम की टीम ने कहा कि ऐसा अनुमति लेकर ही किया जा सकता है। हालांकि दुकानदारों के विरोध के बाद आगे बढ़ी। साथ ही निगम टीम के तेवर कुछ ढीले हो गए। इसके बाद दुकानदार बरामदों व आसपास रखे सामान को उठाकर दुकानों के अंदर ले गए।