ढाणी श्यामलाल के घर में भरा सीवर का पानी।
हिसार। ऋषि नगर श्मशान घाट मार्ग धंसी पाइनलाइन के कारण सीवर व्यवस्था बेपटरी होने लगी है। तीन दिनों से बस अड्डा परिसर में सीवर का पानी भरा हुआ है। इसके अलावा ढाणी श्यामलाल में सीवर ओवरफ्लो कर रहे हैं। उधर, इस लाइन को ठीक करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को टेंडर लगा दिया है। टेंडर 18 जून को खोला जाएगा। इस टेंडर के तहत लाइन के 85 मीटर हिस्से को बदला जाएगा। इस जगह आरसीसी की लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य पर करीब 76 लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है।
बता दें कि 7 जून को ऋषि नगर श्मशान घाट की सड़क पर गली नंबर 8 के मोड़ पर अचानक मेन सीवर लाइन धंस गई थी। इससे मौके पर करीब 5 फुट गहरा व 10 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया था। सीवर लाइन के धंसने से मौके से गुजर रही बरसाती लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस सीवर लाइन के माध्यम से वार्ड 1 से 9 का सीवर का पानी ऋषि नगर एसटीपी तक पहुंचता है।
ढाणी श्यामलाल एरिया में घरों में भरा सीवर का पानी
ढाणी श्यामलाल में सीवर व्यवस्था लड़खड़ा गई है। पूर्व पार्षद अमित ग्रोवर सहित श्याम लाल ढाणी निवासी मास्टर भीम सिंह, रोहताश, महेंद्र कुमार, प्रकाश, देवेंद्र, राजेश आदि ने बताया कि इस क्षेत्र में 5-6 गलियां हैं, जिनमें सीवर ओवरफ्लो है। गली नंबर 2 में कुछ घरों के आंगन में सीवर का पानी भरा हुआ है। यही नहीं घरों के सामने सीवर की गंदगी तैर रही है। ग्रोवर ने कहा कि 20 जून को मुख्यमंत्री के समक्ष यह मामला रखा जाएगा। उन्होंने मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 3 दिन का अल्टीमेटम देते हुए इस पर कार्रवाई करने को कहा है।
सीवर के पानी से लबालब हुआ बस अड्डा परिसर
बस अड्डा परिसर भी सीवर के पानी से लबालब हो गया है। रोडवेज विभाग के अधिकारियों के अनुसार सीवर लाइन धंसने से बस अड्डा परिसर से सीवर बैक मारने लगे हैं, जिससे सीवर का पानी परिसर में भर गया है। इस कारण से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।