हिसार। शहर के आजाद नगर एरिया स्थित नवदीप कॉलोनी में सीवर व्यवस्था चरमरा गई है। स्थिति यह है कि कॉलोनी में कई गलियों में सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में गंदा पानी जमा हो गया है। इस कारण से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कॉलोनी में कई मैनहोल के ढक्कन ही नहीं लगे हुए हैं, जिससे हादसे की भी संभावना बनी हुई है। उधर, शास्त्री नगर में भी लोगों को सीवर ओवरफ्लो की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है।
कॉलोनी निवासी मंदीप व मनोज ने बताया कि कॉलोनी में दूहन प्रॉपर्टी व सामुदायिक केंद्र के पास कई सीवर ओवरफ्लो हैं, जिस कारण सीवर का गंदा पानी गलियों में बह रहा है। इसके अलावा काफी संख्या में मैनहोल पर ढक्कन ही नहीं हैं। चूंकि कई साल पहले यह खुले सीवर में गिरने से एक मासूम की मौत हो गई थी। कहीं दोबारा से ऐसा हादसा न हो जाए, इससे पहले ही विभाग को इसकी सुध लेनी चाहिए। इसके अलावा काफी मैनहोल का लेवल भी सड़क से नीचा व ऊंचा है। इस कारण से भी लोगों को काफी दिक्कत होती है।
बस अड्डे पर सीवर ओवरफ्लो, विभाग हैरान
उधर बस अड्डे पर सीवर ओवरफ्लो होने के कारण काफी एरिया में गंदा पानी फैल गया है और कीचड़ की स्थिति भी पैदा हो गई है। मगर विभाग के अधिकारी इस पर हैरान है। अधिकारियों की मानें तो उन्होंने मौके का निरीक्षण करवाया तो यह सीवर नहीं, बल्कि बीएसएनल का अंडरग्राउंड बॉक्स मिला। हालांकि साथ में उनका सीवर भी है, लेकिन वह बिल्कुल खाली पड़ा है।
-हाई पावर सुपर सकर मशीन से मेन रोड पर मुख्य सीवर लाइन की सफाई करवाई जा रही है। सफाई के लिए लाइन को ब्लाॅक रखना पड़ता है। संभावना है कि इस कारण से कुछ एरिया में सीवर ओवरफ्लो की समस्या आ रही हो। जिन मैनहोल के ढक्कन नहीं लगे हैं, उनकी स्लैब का फिर से निर्माण किया जाना है।
- गिरिश, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग