हिसार। सेक्टर-14 में चौड़े रोड के किनारे रविवार रात को बिहार के मुंगेर निवासी 46 साल के अरविंद शाह की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। अरविंद फिलहाल ऋषिनगर में किराये के मकान में रहता था और लैंटर की मजदूरी का काम करता था। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में एक नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बिहार के जिला मुंगेर के गांव जाफर नगर के शंभू ने बताया कि उसका चाचा अरविंद शाह के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। चाचा 8-10 साल से ऋषिनगर में किराये के कमरे में रह रहे हैं। 2 साल से उनका बेटा कुलदीप साथ रह रहा है, बाकी परिजन गांव में रहते हैं। रविवार देर शाम खाना खाकर यह कहकर कमरे से चले गए कि ठेकेदार से हिसाब करके आता हूं। रात को चाचा की सेक्टर-14 में लोहे की रॉड या डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। उनका एक हाथ दो-तीन जगह से टूटा हुआ है। रीढ़ की हड्डी और सीने पर चोट के निशान हैं। चाचा का मोबाइल और पर्स गायब है। शंभू की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने एक नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।