हिसार। भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता ने 17 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए आरोपियों जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गिरिश और सीनियर डिविजन क्लर्क विनोद कुमार को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। टीम ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था।
बरवाला के जेवरा गांव निवासी ठेकेदार कृष्ण कुमार ने एबीसी को शिकायत देकर बताया था कि उसने जनस्वास्थ्य विभाग में टेंडर लेकर काम किया था। उसी काम के करीब 9 लाख रुपये के बिल विभाग में अटके हुए है। उसने बताया था कि बिल पास करवाने की एवज में अधिकारी 17 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम ने ठेकेदार कृष्ण को पाउडर लगे और हस्ताक्षर किए हुए 17 हजार रुपये दिए थे। उसके बाद ठेकेदार रुपये लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंचा। वहां पर उपमंडल इंजीनियर गिरिश के कार्यालय में गया। इसके बाद ठेकेदार ने एसीबी टीम को सूचना दी। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और एसडीओ गिरिश की दराज से 17 हजार रुपये बरामद किए। टीम ने रिश्वत लेेने के आरोप में एसडीओ गिरिश और सीनियर डिविजन क्लर्क विनोद को गिरफ्तार कर लिया।