एसडीएम पद का कार्यभार संभालते कुलभूषण बंसल।
हांसी। उपमंडल के नए एसडीएम कुलभूषण बंसल ने मंगलवार को कार्यभार संभाला। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों संग बैठक कर कहा कि चुनाव ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उपमंडल में कानून व्यवस्था बनाए रखना व विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष पारदर्शी तथा शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाना पहली प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर तमाम तैयारियां की जा रही है। चुनाव को हर हाल में निष्पक्ष पारदर्शी शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाया जाएगा। लगभग अधिकारियों व कर्मचारियों की चुनाव कार्यों के लिए ड्यूटी निर्धारित हो चुकी हैं। बाकी कार्यों के लिए शेष कर्मियों की ड्यूटी जल्द निर्धारित कर दी जाएगी। जिस प्रकार से लोकसभा चुनाव में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने आपसी तालमेल स्थापित कर चुनाव को संपन्न करवाने का काम किया था। उसी प्रकार से विधानसभा चुनाव को संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एसडीएम मोहित महराणा, तहसीलदार अनिल कुमार व तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम कुलभूषण बंसल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून सीजन में संबंधित विभागों के अधिकारी शहर का दौरा करते रहें। ताकि सीवरेज, जल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति की कोई समस्या नहीं हो। बता दें कि बंसल वर्ष 2019 बैच के एचसीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह हिसार में सीईओ जिला परिषद के पद पर कार्यरत थे। वह हिसार, फतेहाबाद, सिरसा सहित कई जिलों में सीईओ जिला परिषद, सीईओ मिल्क प्लांट, एसडीएम व आरटीए के पदों पर कार्यरत रहे हैं।