चरखी दादरी/बाढड़ा। कुब्जा नगर के समीप शुक्रवार सुबह चलती स्कूल बस में शॉर्ट - सर्किट होने से आग लग गई। घटना के समय बस में 12 विद्यार्थी सवार थे, जिन्हें आग फैलने से पहले ही चालक-परिचालक ने सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया। मामले की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार कांहड़ा स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल की बस शुक्रवार सुबह पिचोपा कलां और कुब्जा नगर रूट के बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। साढ़े सात बजे बस जब कुब्जा नगर के पास पहुंची तो संदिग्ध परिस्थितियों में शॉर्ट-सर्किट होने से बस में आग लग गई। चालक महिपाल ने आग की लपटें उठती देख तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस में सवार सभी 12 विद्यार्थियों को बाहर निकाला और बस से दूर पहुंचा दिया। वहीं, घटना के दौरान बस में कोई शिक्षक सवार नहीं था। घटना में आग की लपटों से बस पूरी जल गई।
वहीं, आग की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे जबकि चालक-परिचालक ने स्कूल प्रबंधन समिति को हादसे की जानकारी दी। कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने तक बस को काफी नुकसान पहुंच चुका था।
चालक बोला : आग लगते ही बच्चों को तत्काल निकाला बाहर
बस चालक महिपाल ने बताया कि वो कुब्जा नगर के समीप ही था कि उसी दौरान वायरिंग में शॉर्ट-सर्किट होने से बस में आग लग गई। तुरंत उसने सड़क किनारे बस रोकी और बस में सवार बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला और उसके बाद खुद बस से उतरा। उसी दौरान आग भड़क गई।
दूसरे वाहन से स्कूल भेजे विद्यार्थी
घटना का पता चलते ही स्कूल प्रबंधन समिति ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर दूसरा वाहन भेजा। यह वाहन विद्यार्थियों को लेकर स्कूल पहुंचा। वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति ने चालक व परिचालक की सूझबूझ और तत्परता दिखाने के लिए पीठ थपथपाई।
शॉर्ट- सर्किट के चलते बस में आग लगी। उस दौरान 12 विद्यार्थी सवार थे और सभी को चालक-परिचालक ने सुरक्षित बाहर निकाला लिया। घटना में किसी बच्चे को किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं हुई है।
- अमित जाखड़, निदेशक, श्रीराम पब्लिक स्कूल