ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने कहा कि हरियाणा खेलों में बहुत अच्छा प्रदर्शन करता है। इस बार भी पेरिस में सबसे अधिक खिलाड़ी हरियाणा से हैं, लेकिन मैं खिलाड़ी होने के नाते कहना चाहूंगी कि ओलंपिक में पूरे देश से खिलाड़ियों की सहभागिता हो। 400-500 खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग करें। हमारा देश स्पोर्टिंग नेशन बने, ये मेरा सपना है। साइना मंगलवार को हिसार में हुंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन की ओर से खोले गए स्पोर्ट्स फिटनेस सेंटर का उद्घाटन करने पहुंची थीं।
हिसार से ही अपने खेल करियर की शुरुआत करने वाली साइना ने कहा कि अभिभावकों से अपील है कि वे अपने बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करें। हमारे पास डॉक्टर, इंजीनियर बहुत हैं, मगर स्पोर्ट्स पर्सन कम है। मैंने बच्चों को योग करते हुए देखा। हम योग कर सकते हैं तो जरूर कोई न कोई खेल भी खेल सकते हैं। पहले चीन, कोरिया हावी रहते थे। अब इंडिया नंबर वन है। हम खेलों में लगतार बेहतर हो रहे हैं, लेकिन जब हम ओलंपिक या अन्य बड़े इवेंट में जाते है तो हमारे पास पांच-छह मेडल ही रह जाते हैं। आस्ट्रेलिया, यूएसए जैसे देशों से मुकाबला करना चाहते हैं तो बच्चों का शुरुआत से ही खेलों के प्रति रुझान बढ़ाना होगा। उनके खानपान पर ध्यान देना होगा। लड़कियों को कहना चाहती हूं कि आप और भी आगे आएं। बेटियां किसी से कम नहीं।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करती रहूंगी
पत्रकारों से बातचीत में साइना नेहवाल ने कहा कि हरियाणा खेलों पर काफी ध्यान दे रहा है। इसी तरह पूरे देश में ध्यान दिया जाए तो मुझे विश्वास है कि हम और भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। मुझे लगता है कि कभी-कभी रिस्क लेने में काफी मुश्किलें आती हैं। स्पोर्टिंग कल्चर नहीं मिलने के कारण माइंड सेट नहीं बन पाता। ऐसे में सोचते हैं कि क्या हम कर पाएंगे। मगर हरियाणा निर्णय और रिस्क ले रहा है। एक सवाल के जवाब में साइना ने कहा कि अभी मैंने आगे का कोई निर्णय नहीं लिया है। लंबे समय से खेलते हैं तो इंजरी हो जाती है। डॉक्टरों ने कहा कि इसे ठीक करना मुश्किल है। वह भी इसे ठीक नहीं कर पाएंगे। अभी कुछ समझ नहीं पा रही कि आगे क्या करना है। वह खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करतीं रहेंगी।
क्रिकेट जैसी तवज्जो सभी खेलों को मिले
क्रिकेट के बड़े-बडे खिलाड़ियों के सन्यास लेने के सवाल पर साइना नेहवाल ने कहा कि वे इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहती। जो एसोसिएशन उनको सपोर्ट कर रही है, वह अच्छा कर रही है। मगर अन्य खेलों को भी क्रिकेट के स्तर पर ला सकते हैं। आज सभी क्रिकेट से प्यार करते हैं और देखते रहेंगे, लेकिन अन्य खेलों को भी हम क्रिकेट की तरह ही तवज्जो दें।
खेल सुविधाओं में पहले से काफी सुधार
साइना ने कहा कि हिसार आकर अच्छा लगा। उनकी यादें ताजा हो गई हैं। पहले के मुकाबले खेल सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। दूसरे खेलों के परिणाम से काफी चीजें बेहतर हो गई हैं। टॉप लेवल के खिलाड़ियों को जरूरत के मुताबिक सुविधाएं दी जा रही हैं। ऐसे में खिलाड़ी सुविधा का लाभ उठाएं। पेरिस ओलंपिक में हम अच्छा करेंगे और मेडल भी ज्यादा जीतेंगे।