हिसार। ऑटो मार्केट निवासी नमन गुप्ता ने शहर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि वह 15 दिसंबर को अपनी दुकान मोदी गैस एजेंसी में बैठा था। उसके पास 15 दिसंबर को अज्ञात नंबर से फोन आया कि वह आर्मी स्कूल कैंट से बोल रहा है। उसे कुछ सामान खरीदना है। उस शख्स ने कहा कि वह अपनी आईडी और बैंक डिटेल के पांच रुपये दो बार ट्रांसफर करे। पीड़ित ने रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन आरोपी ने 10 रुपये वापस कर दिए। उसके बाद उसे कहा कि 25 हजार रुपये जमा करवाओ तो उसने 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। उसके बाद आरोपी ने उसे कहा कि उसने रुपये ठगने थे वो ठग लिए और वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। जिस खाते में उसने रुपये ट्रांसफर किए वह खुर्शीद अली नाम से है। जिस खाते से पैसे वापस आए उस बैंक का नाम फेडरल बैंक है। खाता धारक का नाम नीरज है। पुलिस ने नमन की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।