हांसी। बरवाला बाईपास स्थित राजकीय महाविद्यालय में वीरवार को हेल्प डेस्क लगाने की बात पर कॉलेज प्रशासन व विद्यार्थियों के बीच तकरार हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद कॉलेज प्रशासन के बुलाने पर पहुंची पुलिस ने एक छात्र का हिरासत में लेकर शांति भंग करने की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हालांकि शाम को छात्र को तहसीलदार कोर्ट से जमानत पर रिहा कर दिया गया। वहीं, छात्रों ने इस मामले को लेकर एसपी से मुलाकात की और कॉलेज प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह 10 बजे कॉलेज के गेट पर हेल्प डेस्क लगाने के लिए छात्र कमरों से बेंच बाहर निकाल रहे थे। एक अध्यापक ने इस पर आपत्ति जताई तो छात्र प्रिंसिपल से बात करने पहुंचे तो उन्होंने भी ऐसा करने से मना कर दिया। इस पर विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक छात्र को साथ ले गई। इसके बाद छात्रों का एक समूह हांसी की एसपी नितिका गहलोत से मुलाकात करने पहुंचा। छात्र चाहना ने बताया कि एसपी ने कोई संतोषजनक जवाब देने के बजाय प्रिंसिपल की बात मानने को कहा। हंगामा कर रहे छात्रों का आरोप था कि कॉलेज प्रशासन नामांकन में गड़बड़ी करना चाहता है, इसीलिए हेल्प डेस्क नहीं लगने दे रहे हैं। छात्र चाहना, मंजीत, पारुल व दीपिका ने कहा कि वे विद्यार्थियों की दाखिले में मदद के लिए हेल्प डेस्क लगाएंगे।