हांसी। नगर परिषद के चुनाव होने के करीब दो माह बाद शुक्रवार को बुलाई गई पहली बैठक में ही जमकर हंगामा हुआ। चेयरमैन विरोधी गुट ने जहां इस बैठक का बहिष्कार कर दिया। चेयरमैन समर्थकों का कहना है कि बैठक अपने तय कार्यक्रम के अनुसार हुई। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।
नगर परिषद का चुनाव के बाद जनता को पहली बैठक से बहुत आस थी। लोग शहर में विकास कार्य तेज होने, बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए ठोस उपाय करने, सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कों की हालत में सुधार के प्रस्ताव की आस लगाए थे। शुक्रवार को पहली बैठक थी जिसका समय 11 बजे था। परंतु बैठक के समय तक केवल 8 पार्षद पहुंचे। करीब एक घंटे तक बाकी पार्षदों का इंतजार किया गया। दोपहर 12 बजे करीब 19 पार्षद एकत्रित होकर नगर परिषद में तो पहुंचे परंतु मीटिंग हॉल में नहीं गए। नगर परिषद के उप प्रधान अनिल बंसल व 18 पार्षदों ने पहली बैठक का जमकर विरोध किया। विरोधी पार्षदों का कहना था बैठक में हमारे वार्डों के विकास कार्य शामिल नहीं हैं। विरोधी पार्षदों का कहना था हमें उम्मीद थी कि पहली बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पहली बैठक में ज्यादातर वित्त से संबंधित प्रस्ताव रखे गए। इस कारण विरोधी गुट के 19 पार्षदों ने बैठक का विरोध किया। चेयरमैन गुट के पार्षद नितेश शर्मा का कहना था कि यह विरोध केवल विधायक के इशारे पर किया जा रहा है। चर्चा है कि वीरवार को करीब 20 पार्षद विधायक से मिलने पहुंचे थे और कई घंटे तक वहां बैठक हुई। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि पहली बैठक में हंगामा हो सकता है।
बैठक में चेयरमैन प्रवीण इलावादी, पार्षद हरीराम सैनी, पार्षद नितेश शर्मा, पार्षद गुरिंद्र सिंह, पार्षद पूजा, पार्षद अनीता देवी, पार्षद सुभाष चंद्र, पार्षद पूनम एलावादी, पार्षद सुमन रानी आदि मौजूद थे।
उप प्रधान समेत 19 पार्षद रहे बाहर
शुक्रवार को सदन की पहली बैठक में उप प्रधान अनिल बंसल व 18 पार्षद अनुपस्थित रहे। हंगामा कर रहे पार्षदों का कहना है कि नगर परिषद चेयरमैन का विरोध नही कर रहे, बल्कि बैठक में हमारे वार्डों के प्रस्ताव शामिल नहीं करने पर लोग नाराज हैं। वहीं पार्षद नितेश शर्मा का कहना है कि विरोधी गुट के सदस्यों से कहा गया था कि वे भी अपने यहां विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची दें, लेकिन विरोधी गुट ने साफ तौर पर इनकार कर दिया था। चेयरमैन गुट का कहना था बैठक का कोरम पूरा करने के लिए जरूरी नौ सदस्य हमारे पास मौजूद थे। जिसके आधार पर जरूरी बिल पास कराए गए।
शुक्रवार को हुई बैठक में सफाई के लिए हटाई गई स्वीपिंग मशीन, परिषद कार्यालय के सामने बूस्टिंग स्टेशन की पिछली जमीन शिक्षा विभाग को देने, सफाई कर्मचारियों के तेल व साबुन के लिए फंड व कर्मचारियों के फंड संबंधित प्रस्ताव रखे गए जिसको पास कर लिया गया।
हमारे विकास कार्यों का प्रस्ताव परिषद की बैठक में नहीं रखा गया। हमें विश्वास था कि पहली हाउस मीटिंग में सभी वार्डों के विकास कार्यों के एजेंडे शामिल किए जाएंगे मगर यह नहीं किया गया जिससे पार्षदों में गुस्सा था इसी से क्रोधित होकर हमने मीटिंग का बहिष्कार किया हैं। - अनिल बंसल, उप प्रधान, नगर परिषद
हमारी तरफ से मीटिंग पास है। हम एक तिहाई पार्षद है। हमने अपनी तरफ से पास करके म्युनिसिपल कमीश्नर के पास एजेंडा भेज दिया है। अब वह तय करेंगे कि यह माना जाएगा या नहीं। अगर मान्य नहीं हुआ तो फिर से मीटिंग करेंगे।
- प्रवीन ऐलावादी, चेयरमैन, नप, हांसी