चरखी दादरी। बिजली चोरी की लाइन लॉस (एलएल-1) रिपोर्ट न भरने की एवज में 50,000 मांगने के आरोपी जेई और फोरमैन होटल संचालक से 10,000 रुपये ले चुके हैं। खुद न लेकर ये रुपये किसी अन्य शख्स के जरिये लिए गए थे और लेन-देन पुलिस कॉलोनी के पास हुआ था। शिकायतकर्ता महिला भतेरी देवी के अनुसार उसके बेटे ने इसकी वीडियो भी बनाई थी जिसमें लेन-देन के दौरान हुई बातचीत भी रिकॉर्ड हुई है। डीएसपी मुख्यालय अशोक कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फॉरच्यून होटल संचालक की पत्नी भतेरी देवी ने पुलिस को अर्जी दी। इसमें बताया कि बिजली निगम के जेई और फोरमैन ने 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी। इसमें से 10,000 की रिश्वत उन्होंने अपने परिचित के माध्यम से ली। महिला ने बताया कि उन्होंने शहर के लोहारू रोड पर होटल खोला है। होटल में बिजली का मीटर लगवाने के लिए उन्होंने पिछले माह आवेदन किया था।
उन्होंने बताया कि बिजली निगम के फोरमैन नवरत्न दो बार उनके होटल में आया। 26 दिसंबर 2023 को वह अपनी टीम के साथ छापा मारने के लिए होटल में पहुंचा। बाद में फोरमैन ने होटल संचालक के बेटे विकास को फोन नंबर दिया। इसके बाद फोरमैन नवरत्न ने विकास को फोन कर घिकाड़ा पुलिस कॉलोनी के पास बुलाया और उनकी एलएल-1 न भरने की एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी। उसने कहा कि थोड़ी देर में हमारा कोई परिचित व्यक्ति आएगा और उसे रुपये दे देना।
अनजान नंबर से फोन कर बुलाया भतेरी के बेटे विकास को
भतेरी देवी ने बताया कि जेई और फोरमैन से मिलकर वापस आने के करीब एक घंटे बाद विकास को एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले शख्स ने मिलने के लिए पुलिस कॉलोनी के पास बुलाया। जब वह उक्त जगह पर पहुंचा तो जेई सुमित और एक अन्य व्यक्ति वहां पर मौजूद थे। उनके रुपये मांगने पर विकास ने मना किया तो जेई ने उनका कनेक्शन आवेदन पत्र रद्द करवाने की धमकी दी। इसके बाद विकास ने उनके परिचित को दस हजार रुपये दे दिए।
दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाने की दी धमकी
पीडि़ता ने बताया जेई ने एलएल-1 भरने पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाने का डर दिखाया ताकि दबाव में आकर वह रिश्वत के पूरे 50,000 उन्हें दे दें। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जेई और फोरमैन ने आपसी मिलीभगत कर रिश्वत लेने के लिए यह छापा मारा है। अब उन्होंने पुलिस के समक्ष आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत पेश कर कार्रवाई की मांग की।
दावा : लेन-देन और बातचीत की है रिकॉर्डिंग
महिला भतेरी देवी ने एसपी कार्यालय में दी अर्जी में बताया कि रिश्वत के 10,000 रुपये देने की रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। इसमें उस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत भी है। महिला का आरोप है कि रिश्वत लेने के लिए टीम योजनाबद्ध तरीके से उनके प्रतिष्ठान पर पहुंची।
इस मामले में एसपी कार्यालय में अर्जी आई थी। शिकायत का संज्ञान लेकर पुलिस ने जेई सुमित और फोरमैन नवरत्न के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी हेडक्वार्टर मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी। - राजकुमार, एसएचओ, दादरी शहर थाना।