हिसार। शहर की बिगड़ चुकी सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम अधिकारियाें ने कुछ कदम उठाए हैं। इसी के तहत रोड स्वीपिंग मशीन का नया रोस्टर तैयार किया गया है। नए रोस्टर के अनुसार अब यह मशीन प्रतिदिन 48 किलोमीटर की सफाई करेगी। मशीन सुबह 6 से दोपहर 2 बजे और 3 बजे से रात 11 बजे तक सफाई का कार्य करेगी। नए रोस्टर इस तरह से तैयार किया गया है कि शहर के मुख्य मार्गों की प्रत्येक तीसरे दिन व सप्ताह में दो बार सफाई होगी। मशीन के लिए निगम प्रशासन हर माह एजेंसी को 4.70 लाख रुपये का भुगतान करता है।
बता दें कि प्रत्येक निकाय को प्रदेश सरकार की तरफ से किराये पर रोड स्वीपिंग मशीन उपलब्ध करवाई गई है। नियमानुसार इस मशीन को प्रतिदिन 30 किलोमीटर सड़कों की सफाई करनी होती है। मगर काफी समय से ये निगम को ये शिकायतें मिल रही थीं कि यह मशीन निर्धारित दूरी तक सफाई नहीं करती। एक जगह खड़ी रहती है। इसके कार्य का सही ढंग से निरीक्षण भी नहीं किया जा रहा है। इसी को लेकर अधिकारियों ने यह नया रोस्टर बनाया है।
रोस्टर के अनुसार दिन-रूट मैप
सोमवार व वीरवार : सिरसा रोड पीर बाबा मजार से मानव चौक, मानव चौक से बरवाला चुंगी फ्लाईओवर, बरवाला चुंगी से जहाजपुल, मिल गेट से सेक्टर 1-4 पुलिस चौकी, मिल गेट पुलिस चौकी से एयरपोर्ट चौक, पुरानी सब्जी मंडी से कैंप चौक, कैमरी रोड सेक्टर 15 मोड़ से गोविंद पैलेस, सीआईडी कॉलोनी की दीवार से गवर्नमेंट स्कूल पटेल नगर, मानव चौक से लक्ष्मीबाई चौक, लक्ष्मीबाई चौक से मलिक चौक, मलिक चौक से धन्यवाद बोर्ड बालसमंद रोड।
मंगलवार व शुक्रवार : लक्ष्मीबाई चौक से आजाद नगर धन्यवाद बोर्ड, फव्वारा चौक से हनुमान मंदिर सातरोड़ टी प्वाइंट, आईटीआई चौक से जिंदल चौक।
बुधवार व शनिवार : मुन्ना स्वीट्स से तोशाम रोड पुलिस चौकी वाया सेक्टर 9-11 डिवाइडर रोड, कैंप चौक से कैमरी रोड धन्यवाद बोर्ड, डाबड़ा चौक से आधार अस्पताल, आईटीआई चौक वाया विश्वासपुरम कॉलोनी, सेक्टर 16-17, इंडस आरपीएस स्कूल से साउथ बाईपास फ्लाईओवर।
सफाई कर्मचारियों व कचरा उठाने वाली गाड़ियों का रोस्टर कर रहे तैयार
निगम अधिकारियाें की तरफ से सफाई कर्मचारियों व गाड़ियों का रोस्टर भी तैयार किया जा रहा है। इस रोस्टर में इस बात का उल्लेख होगा कि कौन सी गाड़ी किस समय कहां से कचरा उठाएगी। वहीं कौन सा सफाई कर्मचारी किस एरिया में सफाई करेगा। इसके अलावा उसकी ड्यूटी झाडू या गाड़ी कहां लगेगी। एक या दो दिन में इस रोस्टर को फाइनल कर दिया जाएगा। हालांकि इसे लागू करने से पहले पार्षदों व यूनियन से इस बारे में सुझाव भी लिए जाएंगे। संभावना है कि अगले सप्ताह से रोड स्वीपिंग मशीन के अलावा सफाई कर्मचारियों व कचरा उठाने वाली गाड़ियों के रोस्टर को लागू कर दिया जाए।
शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए ये बदलाव किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि ये व्यवस्था लागू से होने सफाई में सुधार आएगा। - प्रदीप दहिया, निगमायुक्त