हांसी। राजकीय महाविद्यालय से लेकर दिल्ली गेट तक जलभराव की समस्या के समाधान के बिना ही सीसी रोड बनाने की तैयारी है। इस बार रोड का निर्माण लोकनिर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने टेंडर तो लगा दिया है। लेकिन इस रोड पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कोई योजना नहीं बनाई। इस रोड के निर्माण पर तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे।
करीब छह वर्ष बाद इस रोड का फिर से निर्माण हो रहा है। यहां पर पहले पेवर ब्लॉक से रोड बनाई गई थी। अब यहां सीसी रोड बनाई जाएगी। बारिश के दिनों में यहां आमटी झील के पास के हिस्से में जलभराव हो जाता है। बीते वर्ष यहां पर नगर परिषद द्वारा बरसाती पानी की निकासी के लिए 25 लाख रुपये की लागत से नाला बनाया गया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब बिना समस्या के ही रोड के निर्माण की तैयारी है। इसके लिए टेंडर लगा दिया है। यह रोड हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधीन आता है। लेकिन इस रोड पर निर्माण कार्य अन्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। अब रोड की जिम्मेवारी लोकनिर्माण विभाग को मिली है। रोड के निर्माण के लिए ठेकेदार को छह महीने का समय दिया जाएगा। विभाग द्वारा इस रोड के साथ साथ मुजादपुर स्कूल के साथ लगती रोड का निर्माण होगा। यह रोड भी सीसी रोड की बनेगी। दोनों का निर्माण 3 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से होगा। जिसमें से 3 करोड़ रुपये इस रोड के निर्माण पर खर्च होंगे।
2018 में बनी थी रोड
राजकीय महाविद्यालय से लेकर दिल्ली गेट तक के इस रोड का निर्माण फरवरी 2018 में शुरू किया गया था। तत्कालीन चेयरपर्सन निर्मला सैनी के कार्यकाल में पेवर ब्लॉक से यह रोड बनी थी। इस पर करीब 73 लाख रुपये खर्च हुए थे। रोड की लंबाई 2300 फुट है। रोड करीब 50 फुट चौड़ी है। इस रोड पर कई कॉलोनियां, मैरिज पैलेस, मंदिर, आमटी झील आदि हैं। रोड के निर्माण से सभी को फायदा होगा।