हिसार। अमेरिका दूतावास के प्रतिनिधियों ने नागरिक उड्डयन विभाग के मुख्य सलाहकार एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शेखर विद्यार्थी के साथ वीरवार को महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का दौरा किया। अमेरिकी दूतावास स्थित संयुक्त राज्य व्यापार और विकास एजेंसी (यूएसटीडीए) की दक्षिण एशिया इंडो पैसिफिक से वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रतिनिधि महनाज अंसारी, यूएस इंडिया (एसीपी) से संदीप बहल, सुंद्रेश स्वरूप, भूपेंद्र कुमार ने महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का निरीक्षण करते हुए यहां पीपीपी मॉडल के तहत विदेशी निवेश संबंधी विषयों पर चर्चा की। हवाई अड्डे पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने तकनीकी विषयों पर विस्तार पूर्वक बातचीत की। रनवे एवं टैक्सी ट्रैक का भी निरीक्षण किया गया और परियोजनाओं को लेकर अभी तक हुए कार्यों की समीक्षा की गई।
एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए एपीएसयू एवं एसीजी जैसी सुरक्षा एजेंसियों से विचार-विमर्श किया गया। विदेशी कंपनियां जैसे अमेजन, फैडक्स आदि से निवेश प्राप्त करने के लिए भविष्य में राउंड टेबल मीटिंग तय है। इस अवसर पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर एएस गिल, हवाई अड्डा निदेशक एवं सलाहकार महाबीर सिंह दूहन, प्रोटोकॉल अधिकारी सतपाल आर्य, अमरजीत सिंह गिल, ऑपरेशन मैनेजर दलजीत सिंह, सेफ्टी मैनेजर पीयूष शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी संदीप शर्मा, एसडीसी संजय, अकाउंटेंट नरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्य हवाई पट्टी की मजबूती, एयरपोर्ट ऑपरेशन एवं पानी की निकासी, आइसोलेशन-वे, व्हीलर लैन, काग्रो-एप्रोन के कार्य ज्यादा तत्परता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आपातकालीन मार्ग, रनवे लाइट, सुरक्षा टावर, आपातकालीन एवं सुरक्षा लाईट, रेलवे ट्रैक से जुड़ाव, टैक्सी ट्रैक के निर्माण कार्य को पूरा करने, हवाई अड्डा परिसर में नए हैंगर तथा 132 केवी पावर लाइन को शिफ्ट करने एवं 33 किलोवाट के सब स्टेशन की स्थापना, नए टर्मिनल भवन निर्माण, ऑफिसर क्वार्टर, एटीसी टावर, प्रवेश व निकास द्वार, रिफ्यूलिंग सुविधाएं, हवाई अड्डा परिसर की 7200 एकड़ भूमि के लिए नहरी पानी की जलापूर्ति, ड्रेनेज, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, हवाई अड्डे की भूमि से राणा माइनर को शिफ्ट करने, हवाई अड्डे के पास सोलर पार्क विकसित कर हवाई अड्डे को ग्रीन एयरपोर्ट बनाने के निर्देश दिए।