सहारनपुर। रेलूराम पूनिया हत्याकांड में दोषी दोषी संजीव की मां ने कहा कि संजीव और सोनिया के साथ-साथ पूरे परिवार की जिंदगी तबाह हो गई। पता नहीं कितने दिन कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने पड़ेंगे। अमर उजाला से बातचीत में शारदा नगर कॉलोनी निवासी राजबीरी ने बताया कि जमानत पर आने के बाद सोनिया करनाल में अपने परिचित के यहां पर रह रही है जबकि संजीव दिल्ली में रहता है। पोता प्रशांत मेरे साथ रहता है। सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई को लेकर राजबीरी ने बताया कि शाम को संजीव से फोन पर बात हुई थी। उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। उसने बताया कि कोर्ट ने सुनवाई के लिए अगली तारीख 20 अगस्त दी है। राजबीरी बताती हैं कि उस घटना को लंबा अरसा बीत गया है। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में इसे आजीवन कारावास में बदल दिया। अब दोनों की अंतरिम जमानत से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में है।