हरियाणा में भिवानी के बडेसरा में अपनी शादी से चार दिन पहले 16 नवंबर को संदिग्ध परिस्थतियों में लापता हुए युवक की तलाश के लिए परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई है।
युवक की 20 नवंबर को शादी थी लेकिन वह अब तक नहीं मिला है। लड़की के परिजनों ने युवती की शादी किसी दूसरे युवक से कर दी है।
बताया जा रहा है कि अंतिम बार युवक की उस लड़की से फोन पर बात हुई थी जिससे उसकी शादी होने वाली थी।
युवक के चचेरे भाई बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने 18 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया था।
पुलिस युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। युवक के सगे भाई कृष्ण ने बताया कि जबसे उसका भाई लापता हुआ है पूरा परिवार सदमे में है।
उसके भाई का कोई सुराग नहीं लग रहा है। पुलिस भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रही है।
उन्होंने बताया कि युवक का आखिरी फोन दिल्ली में उसी लड़की के पास से आया था और उसने फोन पर बताया था कि उसने सारी शॉपिंग कर ली है।
इसके बाद फोन कट गया था। जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि हम युवक की कॉल डिटेल की जांच कर रहे हैं।
हमने कुछ मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज की भी जांच की है।