बरवाला में डीएसपी गौरव शर्मा से बात चीत करते भीम आर्मी के पदाधिकारी व मृतक के परिजन।
बरवाला। गांव पाबड़ा में पिटाई से जिला कैथल के गांव शिमला निवासी सतीश की सोमवार को मौत हो गई थी। मंगलवार को पुलिस ने सतीश के शव का अग्रोहा मेडिकल में पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को लेने से इन्कार कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजन और भीम आर्मी के सदस्य प्रशासनिक भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार माैके पर पहुंचे और धरनारत लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों की मांग है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए, मामले में एससी-एसटी एक्ट की धारा को जोड़ा जाए। इस बीच डीएसपी गौरव शर्मा ने निष्पक्ष कार्रवाई की आश्वासन दिया।
वहीं भीम आर्मी के साथ परिजनों ने शहर में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान निर्णय लिया गया कि बुधवार सुबह मांगों को लेकर फिर से डीएसपी कार्यालय पर धरने पर बैठेंगे। फिलहाल सतीश का शव अग्रोहा मेडिकल में रखा है। बता दें कि बीते सोमवार को जिला कैथल के गांव शिमला निवासी सतीश गांव पाबड़ा निवासी प्रेम के घर में घुसा था। इस दौरान सतीश को चोटें आई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में गांव पाबड़ा के प्रेम, उसके बेटे अनूप, बेटी व पुत्रवधू के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।