हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में चल रही ऑल इंडिया वाइस चांसलर टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरे दिन भी लुवास की टीम ने जीत हासिल की। टीम ने दूसरे लीग मैच में मौलाना नेशनल उर्दू विश्वविद्यालय हैदराबाद की टीम को 59 रनों से हराते हुए जीत हासिल की है। लुवास के डॉ. गौरव चराया को उनकी शानदार बल्लेबाजी के चलते मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। यह उनका दूसरे मैच में लगातार दूसरा मैन ऑफ द मैच खिताब है। लुवास की लगातार दूसरी जीत पर कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने टीम को बधाई दी।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गिरि सेंटर स्थित क्रिकेट मैदान में आयोजित इस मैच का टॉस जीतते हुए लुवास विश्वविधालय ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी लुवास टीम की दो विकेट जल्दी गिर गई थी। उसके बाद तीसरे विकेट की 99 रनों की पार्टनरशिप की बदौलत लुवास ने निर्धारित 20 ओवर में 175 रन चार विकेट खोकर बनाये । डॉ. गौरव चराया ने 54 गेदों पर 81 रन बनाये (10 चौके, एक छक्का), जबकि प्रदीप सांगवान ने 37 बॉल पर 44 रन बनाये (पांच चौके), आखिर में कप्तान डॉ. प्रवीण सांगवान ने 15 बॉल पर तेजी से 25 रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मौलाना नेशनल उर्दू विश्वविद्यालय हैदराबाद की टीम कुल 20 ओवर में 116 रन ही बना सकी। लुवास की तरफ से डॉ. सतबीर ने 2, डॉ. गौरव चराया, डॉ. प्रवीण सांगवान व राकेश ने एक-एक विकेट लिया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. डीएस दलाल, कुलसचिव व अधिष्ठाता डॉ. गुलशन नारंग, शिक्षक कर्मचारी संघ प्रधान डॉ. अशोक मालिक व गैर शिक्षक कर्मचारी संघ प्रधान तरुण तनेजा ने लगातार दूसरी जीत के लिए खुशी जाहिर की। लुवास का अगला मैच गद्वासु, लुधियाना की टीम से 8 नवंबर को 9 बजे गिरी सेंटर के ग्राउंड पर खेला जाएगा।