हिसार सब्जी मंडी ओवरब्रिज से गुजरती रामपाल के भक्तों की यात्रा।
हिसार। रामपाल के समर्थकों ने बुधवार को शहर में शोभा यात्रा निकाली। संत गरीब दास के बोध दिवस के उपलक्ष्य में शहर की सड़कों पर यह यात्रा निकाली गई। यह यात्रा जीजेयू के पास यादव धर्मशाला से शुरू होकर बस अड्डा, नागोरी गेट, पारिजात चौक, लक्ष्मी बाई चौक, फव्वारा चौक, राजगढ़ रोड, कैमरी रोड, कैंप चौक, पुरानी सब्जी मंडी चौक से पड़ाव होते हुए वापस यादव धर्मशाला तक निकाली गई। यात्रा के चलते शहर में कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। रामपाल समर्थकों ने कहा कि अपने गुरु के निर्देश पर यह यात्रा निकाल रहे हैं। हम आध्यात्मिक ज्ञान का प्रचार करने आए। भिवानी में 2 से 4 मार्च तक भंडारा होगा।
यात्रा में शामिल समर्थक बड़ी-बड़ी गाडियों में सवार होकर आए थे। एक गाड़ी को रथ की तरह से सजाया गया था, जिसमें रामपाल की बड़ी फोटो को विराजमान किया गया था। अधिकतर गाड़ियों पर रामपाल के फोटो वाले बड़े फ्लेक्ट लगाए गए थे। बता दें वर्ष 2018 में बरवाला स्थित सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल के समर्थकों के साथ पुलिस का टकराव हुआ था। जिसमें चार महिलाओं की मौत हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने रामपाल व उनके 1000 से अधिक समर्थकों पर केस दर्ज किया था। रामपाल पर हत्या, देशद्रोह सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किए गए थे। हालांकि रामपाल कई केस में बरी हो चुके हैं।