हांसी। आंबेडकर चौक पर बरसाती नाले को अब कवर्ड नाला बनाया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद ने नाले की खोदाई का काम शुरू कर दिया है। इस काम पर नगर परिषद आठ लाख रुपये खर्च करेगी। बारिश के दिनों में नाला खुला होने के कारण इसमें कचरा गिरता रहता था। इस कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती थी।
हर वर्ष नगर परिषद इस बरसाती नाले की सफाई करवाती थी मगर यह फिर बंद हो जाता था। अब नगर परिषद इस नाले की खोदाई करवाकर 600 एमएम का पाइप डालेगी। पाइप डालकर इसको कवर करने का काम शुरू कर दिया है। ताकि नाले में कचरा न जा सके व हाईवे पर बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या न हो।
आंबेडकर चौक से लेकर बस स्टैंड तक आठ लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। हालांकि मानसून आने में अभी काफी समय है। लेकिन नगर परिषद ने इस पर अभी से संज्ञान ले लिया है।
सफाई के लिए चेयरमैन ने लिखा पत्र
नगर परिषद के चेयरमैन प्रवीण ऐलावादी ने कहा कि हमने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखा है कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले जो सीवरेज व्यवस्था खराब पड़ी है उनकी सफाई करवाई जाए। जो नाले नगर परिषद के क्षेत्र के अंदर हैं उनकी सफाई वह खुद करवाएंगे ताकि लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
पशु डेयरियां बनीं आफत
जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की मानें तो शहर में बनी पशु डेयरियां सीवरेज व्यवस्था के लिए आफत बनी हुई हैं। विशेषकर बारिश के दिनों में ज्यादा परेशानी होती है। क्योंकि डेयरी संचालक गोबर को सीवरेज में ही बहा देते हैं, इससे सीवरेज चौक हो जाता है व दूषित पानी गलियों में जमा हो जाता है। इसके लिए प्रशासन ने कई बार डेयरी संचालकों को नोटिस भी दिए हैं।
नालों की सफाई का अलग से नहीं है टेंडर
नगर परिषद के चेयरमैन प्रवीण ऐलावादी ने कहा कि नालों की सफाई का अबकी बार अलग से टेंडर नहीं लगाया गया है। जिन ठेकेदारों को शहर की सफाई का टेंडर दिया जाएगा वहीं अपने क्षेत्र में नालों की सफाई करवाएंगे।