हिसार। कैमरी मार्ग पर सामुदायिक केंद्र के पास वीरवार दोपहर रेसिंग बाइक चालक ने आगे निकलने की होड़ में एक के बाद एक दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें देखकर कहा कि हालत चिंताजनक बनी है। यहां वेंटिलेटर की सुविधा नहीं, आप अग्रोहा ले जाओ। इसके बाद परिजन दो युवकों को शहर के निजी अस्पताल को एक को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले गए। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती विनोद ने देर रात दम तोड़ दिया। रेसिंग बाइक चालक ने लापरवाही से खुद की और दोस्त की जिंदगी को वेंटिलेटर पर लेटा दिया, जबकि आगे चल रहे बाइक सवार की जिंदगी छीन ली।
सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच चल रही है। वहीं हादसे का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे कैंप चौक की तरफ से दो बाइक तेज रफ्तार से आ रही थीं। एक बाइक रेस वाली थी। जिस पर दो युवक सवार थे। बाइक सवार रेस लगा रहे थे। सामुदायिक केंद्र के पास पहुंचे तो रेसिंग बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बाइक अन्य दो बाइकों से जा भिड़ी। हादसे में घायल पटेल नगर निवासी विनोद, पारस और कैमरी मार्ग निवासी रवि को अस्पताल पहुंचाया गया। रेसिंग बाइक पर सवार पारस और रवि निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दूसरी बाइक सवार विनोद की देर रात मौत हो गई।
8 फुट उछल कर सड़क पर गिरा युवक
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। रेसिंग बाइक चला रहा युवक सामने चल रहे बाइक को पीछे से टक्कर मारता नजर आ रहा है। टक्कर लगने पर पीछे बैठा युवक 8 फुट उछलकर सड़क पर गिर जाता है। दुर्घटना के बाद तीनों युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहते हैं।
लोगों ने ब्रेकर बनाने की उठाई मांग
पटेल नगर के लोगों ने कैंप चौक से लेकर कैमरी रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। सीआईडी कॉलोनी की शुरुआत और हरिहर मंदिर मोड़ जवाहर नगर पर एक चौक बनता है, वहां रोजाना हादसे हो रहे हैं। ऐेसे में दोनों जगहों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं ताकि हादसों पर अंकुश लग सके।