हिसार। द हिसार केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के निदेशक मंडल की 16 सितंबर को हुई बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवा-विस्तार और पुनर्नियुक्ति को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 29 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवा-विस्तार के मूल प्रस्ताव में बाद में कुछ नाम हटाए-जोड़े गए और 10 कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव रखा गया। बैठक की कार्यवाही मौके पर दर्ज न किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने मूल व संशोधित एजेंडा, कार्यवाही और उपस्थिति रजिस्टर का मिलान कर जांच की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित आदेशों के क्रियान्वयन पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। संवाद