हिसार। शहर के वरिष्ठ नागरिकों ने शुक्रवार को अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को मेयर के सामने रखा। साथ ही उनका समाधान करने की बात कही। मौका था कि डिफेंस कॉलोनी स्थित सीनियर सिटीजन क्लब में अमर उजाला के कार्यक्रम चौपाल का। चौपाल में वरिष्ठ नागरिकों ने नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स में छूट के लिए एक्स सर्विसमैन से बार-बार दस्तावेज मांगने का मुद्दा उठाया।
एसएस लाठर ने कहा कि एक्स सर्विसमैन को प्रॉपर्टी टैक्स में छूट मिलती है, लेकिन हर साल निगम उनसे एक्स सर्विसमैन का सर्टिफिकेट, अलॉटमेंट लेटर व नक्शा मांगता है और उन्हें यह दस्तावेज जमा करवाने पड़ते हैं, जो कि गलत है। जब एक बार उन्होंने ये दस्तावेज जमा करवा दिए तो उनसे बार-बार ये दस्तावेज नहीं मांगे जाने चाहिए। सिर्फ एक शपथ पत्र ही काफी रहेगा। इस पर मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि वह इस मुद्दे को आगामी हाउस की मीटिंग में रखवाएंगे। कार्यक्रम का संचालन वानप्रस्थ संस्था के महासचिव जेके डांग ने किया। संस्था के सबसे वरिष्ठ सदस्य 92 वर्षीय पीके सरदाना ने मेयर को पौधा भेंट किया।
इस अवसर पर नगर निगम के एक्सईएन संदीप धुंधवाल के अलावा अमीलाल, सुनीता बहल, डॉ. पुष्पा सतीजा, नरेश बंसल, डॉ. सुरेंद्र बंसल, डॉ. सुरेंद्र मोहन, एचके भाटिया, आरएस ढिल्लो, डॉ. राज गर्ग, डॉ. एसके गर्ग, आरआर गोयल, स्नेह गोयल, डॉ. आरके जैन, वर्षा जैन, डॉ. सतीश कालरा, डॉ. रत्नलाल कालरा, अशोक खट्टर, डॉ. एएल खुराना, योगेश सुनेजा, सुनीता सुनेजा, एसके महेश्वरी, सुरेश मनचंदा, डॉ. मनवीर सांगवान, डॉ. बीडी महता, करतार सिंह आदि वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
ये रखी गईं समस्याएं
सुनीता महतानी : शहर के फुटपाथों से कब्जे हटाए जाएं और जहां-जहां फुटपाथ क्षतिग्रस्त हालत में हैं, वहां उनकी मरम्मत करवाई जाए, ताकि बुजुर्ग सुरक्षित रूप से चल सकें?
मेयर : चीफ इंजीनियर को शहर के सभी फुटपाथों की मरम्मत को लेकर एस्टीमेट तैयार करने को कह दिया है। जल्द ही आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा।
सुमित्रा देवी : अग्रवाल कॉलोनी में घर से कूड़ा एकत्रित करने वालों का टाइम फिक्स नहीं है। एक टाइम फिक्स किया जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
मेयर : सभी वार्डों को लेकर व्हाट्स एप ग्रुप बनवाए जाएंगे, जिनके माध्यम से यह बता दिया जाएगा कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी किस समय आएगी।
अजीत सिंह : पार्क कमेटियों को नगर निगम की तरफ से मिलने वाला बजट समय पर नहीं मिलता, जिस कारण पार्क में काम करने वाले मालियों को वेतन देने में समस्या आती है। पार्क को मिलने वाले पैसे पर जीएसटी क्यों काट रहे हो?
मेयर : अब से हर माह की 10 तारीख तक पार्क समिति को बजट राशि जारी कर दी जाएगी। जीएसटी काटे जाने का मामला मंत्री के सामने उठाएंगे।
डॉ. हरीश जुनेजा : अर्बन एस्टेट टू की मार्केट में पशुओं के लिए चारा डाला जाता है, जिससे यहां पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। ये पशु गंदगी भी फैलाते हैं?
मेयर : 15 अगस्त के बाद से नगर निगम की तीन गाड़ियां युद्ध स्तर पर शहर से बेसहारा पशु पकड़ने का अभियान चलाएगी। इसके अलावा जगह-जगह चारा डालने वालों पर भी सख्ती की जाएगी।
डॉ. महा सिंह : नगर निगम के अधिकारी शिवा पार्क की समिति को रजिस्टर करवाने को कहते हैं। मेरी मांग है कि पार्क समिति को दी जाने वाली राशि रेजिडेंट एसोसिएशन को दे दी जाए, जो रजिस्टर्ड है।
मेयर : इस बारे में मुझे लिखकर दे दो। इस समस्या का हल करवाया जाएगा।
योगराज गर्ग : सेक्टर 15 की काफी सड़कें टूटी हुई हैं। इनका टेंडर भी हो चुका है, बावजूद इसके इन्हें बनाया नहीं जा रहा है?
मेयर : बारिश के बाद इन सभी सड़कों का निर्माण करवा दिया जाएगा।
सुदेश गांधी : पीएलए में शेड बनवाए जाए ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों को बस के इंतजार में धूप या बारिश में न खड़ा होना पड़े?
मेयर : मुझे इस बारे में लिखकर दे देना। इस मांग पर विचार किया जाएगा।
डॉ. सुनीता जैन : मेरे क्षेत्र में बंदर व कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है।
मेयर : कुत्तों को लेकर टेंडर किया गया था। अब इसकी क्या स्थिति है, इस बारे में अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए 50 गाड़ियां और खरीदेगा निगम : सरदाना
मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि स्वच्छता के मामले में इंदौर जैसा बनने के लिए नगर निगम कचरा उठाने के लिए 50 और गाड़ियां खरीदेगा। इन गाड़ियों के आने से गाड़ियों की कमी की समस्या दूर होगी और सभी वार्डों से कचरे का उठान समय पर व पूरी तरह से हो सकेगा। एक अगस्त से सफाई को लेकर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर 20 सदस्यीय स्पेशल टास्क फोर्स बनाई गई है। इस टीम के 5-6 ट्रैक्टर व एक जेसीबी भी होगी। यह टीम जिन जगहों पर काफी समय से कचरा पड़ा है, उसका उठान करवाएगी। इसमें खाली प्लॉट भी शामिल हैं। प्रतिदिन सुबह 4 घंटे यह अभियान चलाया जाएगा। आज इस कार्यक्रम में सीनियर सिटीजन ने काफी सुझाव भी रखे हैं। यह अच्छी बात है कि वह समाज के लिए समय निकाल रहे हैं। मैं भी मानता हूं कि शहर में अभी काफी समस्याएं हैं, लेकिन काफी का समाधान भी किया गया है।
निगम को वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा काफी सहयोग : रामजीलाल
फोटो:
चीफ इंजीनियर रामजीलाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक शहर में सोचते हैं, यह अच्छी बात है। निगम को वरिष्ठ नागरिकों से काफी सहयोग भी मिल रहा है। चीफ इंजीनियर ने कहा कि निगम की टीम इंदौर गई थी। वहां से लौटने के बाद हमने वार्ड 20 से एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया, जिसमें वार्ड से निकलने वाले कचरे का पूरी तरह से सेग्रीगेशन करने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें निगम को काफी हद तक सफलता भी मिली है। अमर उजाला यह अच्छा प्रयास है।
वानप्रस्थ संस्था की तरफ से रखी गईं मांगें
- शहर को आवारा कुत्तों, बंदरों व स्ट्रे कैटल से मुक्त बनाया जाए।
- बरसाती नाले व सीवर ब्लॉक पड़े हैं, इनकी सफाई करवाई जाए।
- शहर की ग्रीन बेल्ट मेंटेंन की जाए।
- जर्जर पड़ी सड़कों की मरम्मत करवाई जाए।
- क्लब के हॉल में इको साउंड सिस्टम लगवाया जाए।
- क्लब में सोलर सिस्टम लगवाया जाए।