हिसार। बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने पर ब्याज में 40 प्रतिशत छूट की घोषणा के अंतिम दिन मंगलवार को टैक्स के रूप में 2.77 लाख रुपये जमा हुए। इसके साथ ही अब वित्त वर्ष पूरा होने में सिर्फ एक माह ही बचा है। वित्त वर्ष के 11 माह में निगम के खजाने में 10.46 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स आया है। हालांकि मौजूद वित्त वर्ष का लक्ष्य 22 करोड़ रुपये रखा गया है।
बता दें कि पिछले वित्त वर्ष में निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स से आय का लक्ष्य 24 करोड़ रुपये निर्धारित किया था। मगर तब निगम के खाते में सिर्फ 8.87 करोड़ रुपये ही आए। इसके देखते हुए वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स के लक्ष्य को घटाकर 22 करोड़ रुपये कर दिया था।
छूट की सीमा घटने के साथ लोगों का घटता गया रुझान
बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज पर छूट की सीमा घटने के साथ-साथ लोगों का टैक्स जमा करवाने को लेकर रुझान भी घटता गया। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिसंबर में ब्याज पर 100 प्रतिशत की छूट थी और आखिरी दिन मतलब 31 दिसंबर को 53 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ था। जनवरी में यह छूट घटाकर 50 प्रतिशत कर दी गई थी। छूट के आखिरी दिन 31 जनवरी को प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में निगम के खजाने में 17.09 लाख रुपये आए थे। वहीं फरवरी में ब्याज पर छूट को और कम करके 40 प्रतिशत कर दिया गया तो आखिरी दिन लोगों ने 2.77 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाया।
आखिरी दिन 2.77 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स आया है। अभी ब्याज पर छूट की घोषणा को आगे बढ़ाने की कोई सूचना नहीं आई है। - विरेंद्र सहारण, डीएमसी, नगर निगम