हिसार। नशे में धुत्त होकर अपने घर की छत पर चढ़कर वीरवार को हवाई फायर करने के आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी रमेश ने वीरवार सुबह करीब 11 बजे शराब के नशे में धुत्त होकर अपनी राइफल से तीन हवाई फायर किए थे। पुलिस ने मौके से तीन खोल भी बरामद किए थे। उसके भाई राजेश की शिकायत पर आजाद नगर थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले के संबंध में मूल रूप से गांव बधावड़ हाल माल कॉलोनी निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मकान में नीचे वाले तल पर रहता है और उसका भाई रमेश ऊपर वाले तल पर। उसने बताया था कि रमेश ने सुबह शराब का सेवन किया हुआ था। उस दौरान करीब सवा 11 बजे उसने अपनी लाइसेंसी राइफल से तीन हवाई फायर कर दिए। राजेश ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया। पुलिस के आने पर उसने पुलिस के साथ बहस की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसकी राइफल व रिवॉल्वर को कब्जे में लिया और मौके से राइफल के तीन खोल बरामद किए थे।
--