जीजेयू में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष का कार्यभार संभालते प्रो. मनोज दयाल।
हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. मनोज दयाल को मानविकी व सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता के अतिरिक्त जनसंचार विभाग के अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया है। प्रो. दयाल छठी बार जनसंचार विभाग के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इससे पूर्व प्रो. दयाल इलाहबाद विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के संस्थापक अध्यक्ष एवं चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। इस विश्वविद्यालय में प्रो. दयाल पहले से तीन बार विभागाध्यक्ष रह चुके हैं।
प्रो. मनोज दयाल 2004 से जनसंचार विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने प्रो. दयाल के कार्यभार संभालने पर बधाई दी और कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने भी अच्छे कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। वर्ष 2014 में अपने विषय में वे सर्वश्रेष्ठ प्रोफेसर के राष्ट्रीय शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। पदभार संभालने के बाद प्रो. दयाल ने शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारियों व शोधार्थियों की अलग-अलग बैठक ली और विभाग का काम सुचारु रूप से चलाने के लिए रुपरेखा पर चर्चा की। विभाग के सभी शिक्षकों गैरशिक्षकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों ने उन्हें अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।