फतेहाबाद। शहर के 27 में से 12 वार्डों में अभी गड्ढे नहीं भरे जाएंगे। नगर परिषद को इन वार्डों में गलियों की मरम्मत करने के लिए नियमानुसार एजेंसी नहीं मिली है। बारिश के बाद टूटी गलियों की मरम्मत को लेकर नगर परिषद ने 27 वार्डों के लिए टेंडर लगाए थे। लेकिन वार्ड नंबर 6 से 10 और 11 से 15 व 26 और 27 के लिए नियमों मुताबिक एजेंसी नहीं आई है। अब नगर परिषद दोबारा से टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।
हालांकि 15 वार्डों में गलियों की मरम्मत का काम वर्क ऑर्डर के बाद शुरू हो सकता है। नगर परिषद ने प्रत्येक वार्ड में दो-दो लाख से मरम्मत करवाने को लेकर टेंडर जारी किए थे। करीब 55 लाख रुपये गलियों की मरम्मत पर खर्च करने का एस्टीमेट बनाया गया था। बता दें कि शहर में करीब डेढ़ साल से बंद चार सार्वजनिक शौचालयों में से तीन को बनाने के लिए ही एजेंसी आई है। रतिया चुंगी के शौचालय निर्माण को लेकर एजेंसी नहीं आई है। शहर में करीब 54.74 लाख रुपये से चार सार्वजनिक शौचालय बनने हैं। थाना रोड स्थित उद्यम सिंह पार्क, ऑटो मार्केट व बस स्टैंड के सामने शौचालय निर्माण को लेकर नगर परिषद को एजेंसी मिल गई है।
नगर परिषद ने इन कार्यों के टेंडर जारी किए थे
कार्य अनुमानित राशि
शौचालय बस स्टैंड के सामने 13.66 लाख
शौचालय निर्माण उद्यम सिंह पार्क 13.65 लाख
शौचालय निर्माण ऑटो मार्केट 13.78 लाख
शौचालय निर्माण रतिया चुंगी 13.65 लाख
वार्ड 1 से 5 गली मरम्मत 10 लाख
वार्ड 6 से 10 गली मरम्मत 10 लाख
वार्ड 11 से 15 गली मरम्मत 10 लाख
वार्ड 16 से 20 गली मरम्मत 10 लाख
वार्ड 21 से 25 गली मरम्मत 10 लाख
वार्ड नंबर 26 और 27 गली मरम्मत 5 लाख
बारिश के कारण टूट चुकी हैं गलियां
मानसून के दौरान नगर परिषद के सभी वार्डों में बारिश के कारण गलियां टूट चुकी हैं और हालात ये हैं कि गहरे गड्ढे बन गए हैं। नगर परिषद की पिछले दिनों हुई बैठक में प्रत्येक वार्ड में दो-दो लाख से गलियों की मरम्मत का प्रस्ताव पास किया गया था। नगर परिषद में पहले दो सितंबर को इसको लेकर टेंडर खोले जाने थे लेकिन किसी भी टेंडर में एक तो किसी में एक भी एजेंसी नहीं आई थी।
कोट
नगर परिषद की तरफ से शहर में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। टेंडर लगाए गए थे, जिन कामों की नियमानुसार एजेंसी आ गई है, वहां पर जल्द काम शुरू करवा दिया जाएगा।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता