हिसार। डीएसपी चंद्रपाल की साइकिल को टक्कर मारने के आरोपियों को तक पहुंचने पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरु कर दी है। अग्रोहा शहर के लेकर टोल प्लाजा तक के सभी कैमरे जांचे जाएंगे। हिसार पुलिस की टीम रविवार को रिकॉर्ड खंगालेगी। डीएसपी के शव का पोस्टमार्टम भी रविवार को कराया जाएगा।
डीएसपी चंद्रपाल की मौत के बाद मौके पर पहुंची फतेहाबाद की एसपी आस्था मोदी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंची। उन्होंने हिसार पुलिस के डीएसपी रोहतश कुमार को इस मामले में त्वरित जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि डीएसपी की साइकिल को टक्कर मारने वाली गाड़ी की तुरंत पहचान की जाए। दुकानों, होटलों, मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज लें। टोल प्लाजा से भी सीसीटीवी फुटेज लेकर कार की पहचान करें।
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचे फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम ने कहा कि एक पर्यावरण प्रेमी डीएसपी का इस तरह से चले जाना बेहद दुखद है। डीएसपी चंद्रपाल पर्यावरण सरंक्षण का संदेश देने के लिए खुद रोजाना 40 से 50 किलोमीटर साइकिल चलाते थे।
आज होगा पोस्टमार्टम
परिवार के लोगों के नहीं पहुंच पाने के कारण डीएसपी के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। डीएसपी के पैतृक गांव झलनिया में उनका अंतिम संस्कार होगा।
पुलिस को मौके से डीएसपी चंद्रपाल की साइकिल, उनका हेलमेट करीब दस से बीस फीट दूर तक पड़े मिले हैं, उससे अंदाज लगाया जा सकता है कि टक्कर मारने वाली गाड़ी की स्पीड काफी तेज थी। उनका हेलमेट हाईवे पर दूसरी साइड जा गिरा था। डीएसपी की कई फीट उछल कर गिरे थे।