हांसी। शराब पीकर जींद चौक पर झगड़ा कर रहे युवकों ने डायल 112 की गाड़ी पर हमला कर दिया। युवकों ने ईंट-पत्थर मारकर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया, इंचार्ज से हाथापाई की और वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में जगदीश कालोनी निवासी नरेंद्र व नारनौंद निवासी अजय शामिल है। एएसआई सतबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि सूचना मिली थी कि अनाज मंडी के समीप कुछ लोग शराब पीकर आपस में लड़ रहे हैं। सूचना पर वह, प्रदीप व चालक ईएचसी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। जब वे गाड़ी से उतर कर उनके पास जाने लगे तो युवकों ने ईंट-पत्थरों से गाड़ी पर हमला कर दिया। उनके पास गए तो युवक उनके साथ हाथापाई करने लगे। उन्होंने बताया कि पत्थर लगने से गाड़ी का शीशा टूट गया। गाड़ी के बोनट पर भी पत्थर लगे। उन्होंने दो युवकों को काबू कर लिया। एक ने अपना नाम नारनौंद का अजय और दूसरे ने जगदीश कॉलोनी का नरेंद्र बताया। गढ़ी का कुलदीप व एक अन्य युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।