हिसार। साई (स्पोटर्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया) हिसार में 11 अप्रैल से 13 अप्रैल तक खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जाएंगे। इसमें देशभर से एथलेटिक, कुश्ती और बॉक्सिंग के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसको लेकर साई प्रभारी हरभजन सिंह ने सोमवार को कोच के साथ बैठक की और उन्हें दिशा-निर्देश दिए। खिलाड़ियों का चयन आवासीय और गैर आवासीय स्कीम के तहत होगा। इस ट्रायल में 12 साल से लेकर 18 साल तक के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आवासीय और गैर आवासीय स्कीम के तहत एथलेटिक में लड़कों के, बॉक्सिंग में लड़कों व लड़कियाें के और कुश्ती में भी लड़कों और लड़कियाें का चयन किया जाएगा। बैठक में बॉक्सिंग कोच महेंद्र सिंह ढाका, एथलेटिक कोच भागवीर, कुश्ती कोच राजेश, सुनील कुमार मौजूद रहे। एथलेटिक के इवेंट में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर रेस, हर्डल रेस, भाला फेंक, शॉटपुट, हेमर थ्रो और डिस्कश थ्रो के ट्रायल लिए जाएंगे। साई प्रभारी हरभजन सिंह ने बताया कि साई में ट्रायल उत्तर क्षेत्रीय केंद्र बहालगढ़, सोनीपत की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा के दिशा-निर्देश में लिए जाएंगे।