मंडी आदमपुर। गांव मोहब्बतपुर से सीसवाल रोड पर स्थित शराब ठेके से चार अज्ञात युवकों ने ठेके का ठेकेदार होने की बात कहकर शटर खुलवाया। बाद में ठेके के कारिंदे पर पिस्तौल तान कर 17 हजार रुपये की नगदी व करीब 150 बोतल अंग्रेजी शराब बोलेरो गाड़ी में डाल कर ले गए। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत के आधार पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सातरोड़ कला निवासी बलजीत सिंह उर्फ बली ने बताया कि गांव मोहब्बतपुर से सीसवाल रोड पर उसका शराब का ठेका है। ठेके में गांव दड़ौली निवासी जोगेंद्र गोदारा व सुरेश मास्टर एवं मोड़ाखेडा निवासी कृष्ण उसके साथ पार्टनर हैं। 22 दिसंबर को सुबह करीब 8 बजे ठेके के सेल्समैन झारखंड के चतरा जिले के गांव तिलहते बलवहा निवासी अनुरोध यादव ने सूचना दी कि मंगलवार रात्रि करीब 10 बजे ठेके में लूट हो गई। सूचना मिलने पर वह और अन्य पार्टनर ठेके पर आए तो अनुरोध ने बताया कि रात्रि करीब 10 बजे वह ठेके का शटर बंद कर अंदर बैठा था। उसी समय बाहर से आवाज आई कि मैं बली ठेकेदार हूं, शटर खोलो। उसने शटर खोला तो चार अज्ञात नौजवान लड़के ठेका के अंदर घुस गए और उनमें से एक ने उस पर पिस्तौल तान कर कहा कि कैश कहां है। उसने कहा कि कैश तो कृष्ण ठेकेदार ले गया। इस पर उन्होंने कहा कि कृष्ण ठेकेदार की तो ताई की मृत्यु हुई है, वह यहां आया ही नहीं और बिस्तर के नीचे से 17 हजार रुपये की नगदी उठा ली और चारों ने ठेके में रखी अंग्रेजी शराब की अलग-अलग ब्रांड की करीब 150 बोतलें चद्दर में बांधकर बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी में रख ली और उसे ठेके में ही बंद कर गए। पुलिस ने बलजीत सिंह की शिकायत के आधार पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 392, 452, 342, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।