मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के उप निरीक्षक चंद्रभान और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. योगेश कुमार की संयुक्त टीम ने सिरसा मार्ग स्थित एक ऑयल मिल पर छापा मारा। मिल मालिक अशोक कुमार मौके पर मिला। निरीक्षक के दौरान अशोका मार्का लगी बोतलों में पैक 1060 लीटर सरसों का तेल और 5500 लीटर सरसों का तेल लोहे व प्लास्टिक की कैनियों में डाला हुआ मिला। डॉ. योगेश कुमार ने सरसों के तेल के सैंपल लिए। वहीं दो बाल्टियों में 25 लीटर सरसों का तेल मिला जो खाने योग्य नहीं था, उसे नष्ट करवाया गया।
मिठाई नहीं मिली खाने लायक
कुलेरी गांव स्थित राजेश मिष्ठान भंडार पर 30 किलोग्राम लड्डू व 30 किलोग्राम गुलाब जामुन 300 किलोग्राम मिले। निरीक्षण के दौरान 10 लीटर रिफाइंड तेल, 15 किलोग्राम पेठा मिठाई, 5 किलोग्राम मावा बर्फी व 5 किलोग्राम बेसन बर्फी को खाने योग्य नहीं मिली, जिन्हें नष्ट करवाया। टीम ने यहां से भी सैंपल लिए हैं।
मावा और रसगुल्ला को नष्ट करवाया
टीम ने गुलाब सिंह चौक स्थित शंकर स्वीट्स के गोदाम का निरीक्षण किया। मिष्ठान भंडार में 40 किलोग्राम इमरती, 45 किलोग्राम काजू कतली, 70 किलोग्राम मूंग लड्डू, 50 किलोग्राम मावा, 100 किलोग्राम गुलाब जामुन, 150 किलोग्राम पिन्नी मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. योगेश ने सैंपल लिए। वहीं 5 किलोग्राम मावा, 5 किलोग्राम रसगुल्ले, 100 किलोग्राम चीनी की चासनी खराब मिली जिसे नष्ट करवाया गया। वहीं गोदाम से खाली 4 घरेलू गैस सिलिंडर और 3 भरे मिले। सिलिंडरों की खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक संजीव कुंडू जांच कर रहे हैं। इसके अलावा टीम ने डोगरान मोहल्ला में हरि मोहन स्वीट्स के गोदाम और मिष्ठान भंडार कर निरीक्षण किया। यहां पर 200 किलोग्राम मावा बर्फी, 500 किलोग्राम गुलाब जामुन, 100 किलोग्राम रसगुल्ला मिला। टीम ने यहां से बर्फी मावा के सैंपल लिए हैं।