हिसार नगर निगम की तरफ से आजाद नगर में खाली सरकारी जमीन पर बनाए जा रहे अधिकारियों के आवास का गुरुवार को लोगों ने विरोध कर दिया। साथ ही लोग धरने पर भी बैठ गए। लोगों का कहना है कि पूर्व की कांग्रेस सरकार में जमीन डिस्पेंसरी के लिए आवंटित की गई थी। ऐसे में यहां अधिकारियों के आवास बनाना गलत है।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर स्थित दमकल केंद्र के साथ नगर निगम की करीब 1000 गज जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर निगम प्रशासन अपने अधिकारियों के लिए आवास बना रहा है। ठेकेदार ने निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य को बंद करवा दिया और वहीं धरना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: Jalandhar By-Poll: आम आदमी पार्टी ने सुशील रिंकू को बनाया उम्मीदवार, कल ही हुए थे पार्टी में शामिल
लोगों ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार में यह जमीन डिस्पेंसरी के लिए आवंटित की गई थी। लोगों ने कहा कि आजाद नगर एरिया के करीब 50 हजार की आबादी है और यहां सिर्फ एक ही डिस्पेंसरी है। यह डिस्पेंसरी भी किराये की बिल्डिंग में चल रही है। स्थानीय लोगों को यहां डिस्पेंसरी की जरूरत है अधिकारियों के आवास की नहीं। लोगों ने वार्ड 18 व19 के पार्षदों पर भी इसे लेकर अनदेखी करने का आरोप लगाया है। लोगों ने कहा है कि नगर निगम को भी आम जनता के बारे में सोचना चाहिए।