फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: युवक की हत्या से गुस्साए लोगों ने 6 घंटे हाईवे किया जाम

Mon, 19 Aug 2024 06:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
 मय्यड़ गांव में हिसार-​दिल्ली हाईवे जाम करते ग्रामीण।
विज्ञापन
हिसार-हांसी। खरड़-अलीपुर में वीरवार रात आनंद हत्याकांड में शामिल आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को हिसार-दिल्ली हाईवे पर करीब 6 घंटे तक जाम लगाया। खरड़ में महापंचायत के बाद ग्रामीण अपराह्न करीब सवा तीन बजे मय्यड़ के पास हाईवे पर धरना देकर बैठ गए। तीन दौर की वार्ता और पहले से दर्ज एससी-एसटी एक्ट में सरपंच रमेश सैनी की गिरफ्तारी के बाद रात सवा नौ बजे जाम खोल दिया। इससे पहले परिजनों ने तीसरे दिन भी आनंद के शव को नहीं लिया, लेकिन रात में पुलिस द्वारा शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन पर सोमवार को शव लेने पर सहमति जताई।
विज्ञापन



इससे पहले सुबह 11 बजे गांव के सरकारी स्कूल में महापंचायत कर ग्रामीणों ने पुलिस को आरोपी सरपंच रमेश कुमार की तीन बजे तक गिरफ्तारी नहीं होने पर हाईवे जाम करने का अल्टीमेटम दिया, लेकिन तय समय तक सरपंच की गिरफ्तारी नहीं होने पर कई गांवों के ग्रामीणों और मृतक आनंद के परिजनों ने करीब सवा तीन बजे मय्यड़ के पास हाईवे जाम कर दिया। महिलाएं और पुरुष हाईवे के दोनों तरफ बैठ गए। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एंबुलेंस और सेना के वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। एसडीएम जयबीर, डीएसपी हरेंद्र और सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र ने लोगों का आश्वासन दिया कि हत्या में जो भी लोग शामिल हैं, उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं पर लोगों ने एक ही बात कही कि जब तक सदर थाने में आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी नहीं हो जाती जाम नहीं खोलेंगे। हालांकि करीब साढ़े पांच बजे लोगों ने एक तरफ का रास्ता खोलने पर सहमति दे दी।

वाहनों को डायवर्ट किया



हाईवे जाम के कारण हांसी और हिसार से वाहनों के रूट को डायवर्ट किया गया। हांसी में हिसार चुंगी के पास से उमरा के रास्ते वाहनों को हिसार की तरफ रवाना किया गया। इसके अलावा हिसार से हांसी की तरफ जाने वाले वाहनों को रायपुर से होते हुए भेजा गया। जाम के दौरान करीब 15 मिनट तक सेना के वाहन भी फंसे रहे। हालांकि बाद में सेना के वाहनों और एंबुलेंस को जाने दिया गया। वहीं एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विज्ञापन


हर रोज हो रही वारदात



खरड़ के सरकारी स्कूल में आयोजित महापंचायत में खरड़-अलीपुर, मय्यड़ आदि गांवों के लोग शामिल हुए। महापंचायत के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हर रोज किसी न किसी गांव में हत्या जैसी वारदात हो रही है। पुलिस प्रशासन की तरफ से वारदात पर कोई अंकुश नहीं लगाया जा रहा। इसके चलते अपराधियाें के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को तीन बजे तक अल्टीमेट देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। महापंचायत में जिला पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप खरड़, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि अलीपुर नरेश कुमार, पूर्व सरपंच खरड़ सुनील कुमार, किसान नेता बबलू, मृतक आनंद के ताऊ रामफल, जितेंद्र मलिक, जयवीर सहरावत, सरपंच प्रतिनिधि मय्यड़ विकास, राजेश सहरावत, धर्मबीर सहरावत सहित अनेक लोग मौजूद थे।

शाम को फिर शुरू हुई वार्ता



मय्यड़ में हाईवे जाम करने के बाद एक बार फिर से ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल और प्रशासन के बीच वार्ता का दौर शुरू हुआ। किसान नेता कुलदीप खरड़ ने बताया कि बातचीत के दौरान प्रशासन के सामने एक ही मांग रखी कि आरोपी सरपंच रमेश कुमार की गिरफ्तारी होने पर जाम खोल दिया जाएगा। एएसपी राजेश कुमार मोहन भी वार्ता के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि हम जांच कर रहे हैं, फिलहाल पहले से दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में सरपंच रमेश सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। आनंद हत्याकांड में उसकी भूमिका का पता चलने पर, इसमें भी गिरफ्तार कर लेंगे। इस पर परिजन सोमवार को आनंद का शव लेने को सहमत हो गए और करीब सवा नौ बजे जाम खोल दिया। इसके बाद हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो गया।





आनंद हत्याकांड में जांच जारी है। इस केस में सरपंच की भूमिका का पता चलते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अन्य हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन


- राजेश कुमार मोहन, एएसपी, हिसार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें