हिसार। सर्दी के मौसम में दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी और सर्द रात के कारण फ्लू, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। नागरिक अस्पताल में हर रोज 50 से अधिक मरीज दवा लेने के लिए आ रहे हैं। वहीं एलर्जी के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन ज्ञानेंद्र ने बताया कि शुष्क सर्दी में बुखार, जुकाम, खांसी और गला खराब होने के मरीज आ रहे हैं। हर रोज 50 से 70 मरीज ओपीडी में उपचार करवाने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मौसम में छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमारी से ज्यादा ग्रस्त हो रहे हैं। उनका कहना है कि इस मौसम में छोटे बच्चे और बुजुर्गों का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहना कर रखें। उन्होंने बताया कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात के तापमान में गिरावट के कारण मौसमी बीमारियां बढ़ रही है।
कम हो रहे डेंगू के केस
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि जिले में वीरवार को डेंगू का एक मामला समाने आया है। जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1783 हो गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक 5660 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 1783 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव है। 1769 व्यक्ति डेंगू से रिकवर हो चुके हैं और फिलहाल जिले में 9 डेंगू के सक्रिय मरीज हैं। जिले में डेंगू से अब तक 5 मरीजों की मौत हो चुकी है।