हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने का मिलेगा, जिसके चलते 13 व 14 मार्च को प्रदेश में आंशिक बादल छाएंगे। साथ ही एक-दो जगहों पर बूंदाबांदी की भी संभावना है। इसके अलावा एक और नया ताजा पश्चिमी विक्षोभ 15 मार्च रात को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में 16-18 मार्च के दौरान बदलाव होने की संभावना बन रही है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले दिनों सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार को आगे निकल गया। इस कारण से एक बार फिर से हवाओं की दिशा बदल गई। इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। इस दौरान प्रदेश में दिन का तापमान 27.0 से 32.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इसके अलावा हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में रात के तापमान में भी हल्की गिरावट आई है और यह 11.0 से 17.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। हालांकि आगामी 24 घंटों बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।