मसूदपुर माइनर में पानी बढ़वाने के लिए राखी बाराह खाप के चबूतरे पर हुई पंचायत
मसूदपुर माइनर में पानी की मात्रा को बढ़ाने के लिए एसडीएम को सौंपा मांग पत्र
फोटो 118
संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौंद। राखी बाराह खाप के चबूतरे पर शुक्रवार को एक पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 15 गांव के लोगों ने भाग लिया। पंचायत की अध्यक्षता राखी बाराह खाप के प्रधान राजकुमार राखी ने की। जिसमें मसूदपुर माइनर में पानी की मात्रा को बढ़ाने के लिए नारनौंद के एसडीएम विकास यादव को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। वहीं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मिलने का भी समय मांगा है ताकि वो अपनी समस्या का समाधान करवा सकें। राखी बाराह खाप प्रधान राजकुमार राखी, रामनिवास खेड़ी, राजबीर सिंह खेड़ी जालब, जिला पार्षद रमेश श्योराण, रतन सिंह मिलकपुर, रामफल लोहारी, सतीश कुमार, सुरेंद्र, सुल्तान, देशराज, बलवान सिंह, चांदीराम, जगदीश गामड़ा, जितेंद्र गामड़ा, प्रदीप हैबतपुर, महेंद्र डाटा, रमेश डाटा, ओमप्रकाश, पूर्व सरपंच रामकुमार व पूर्व सरपंच शिल्लू इत्यादि ने बताया कि हिसार मेजर माइनर और मसूदपुर माइनर दोनों हांसी ब्रांच की टेल आरडी235768 व आरडी 237680 पर से निकलते हैं। दोनों माइनरों की पानी सप्लाई का समय व चलने का समय एक ही है। परंतु हिसार मेजर माइनर का वाटर अलाउंस डिस्चार्ज रेट 4.29 सीएस और मसूदपुर माइनर का वाटर अलाउंस डिस्चार्ज रेट 2.50 सीएस प्रति हजार एकड़ सीसीए रकबा पर है। दोनों माइनरों का वाटर अलाउंस डिस्चार्ज रेट 1893 से यही चला आ रहा है। हमारी मांग है कि दोनों माइनरों का वाटर अलाउंस डिस्चार्ज रेट एक सामान्य किया जाए और उसी अनुपात से मसूदपुर माइनर की क्षमता बढ़ाई जाए। इस बारे में 21 जुलाई, 30 जुलाई, 9 अगस्त, 13 अगस्त और 26 अगस्त को भी पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को अवगत करवा चुके हैं और इसी विषय पर 20 गांव के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलना चाहता है ताकि वह अपनी समस्या उनसे साझा कर इसका समाधान कर आगे बढ़ सकें।