हिसार। नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स के बड़े डिफॉल्टर बकाया टैक्स जमा करवाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। निगम प्रशासन की तरफ से 100 बड़े डिफॉल्टरों को नोटिस थमाए गए थे। नोटिस की समयावधि पूरी हो चुकी है और अभी तक सिर्फ दो डिफॉल्टरों ने ही प्रॉपर्टी टैक्स के 42 लाख रुपये जमा करवाए हैं। अब निगम प्रशासन ने इस डिफॉल्टरों को व्यक्ति सुनवाई का अंतिम मौका दिया है। निगम प्रशासन के अनुसार ये डिफॉल्टर 8 अगस्त तक या तो पूरा टैक्स जमा करवा दें या फिर अपना पक्ष रख दें।
बता दें कि नगर निगम ने शहर के 100 बड़े डिफॉल्टरों को नोटिस जारी किए गए थे। इस नोटिस के माध्यम से उनसे बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने को कहा था। निगम प्रशासन की मानें तो इन डिफॉल्टरों पर प्रॉपर्टी टैक्स के करीब 40 करोड़ रुपये बकाया है।
मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआती चार माह में 3 करोड़ रुपये आया टैक्स
मौजूदा वित्त वर्ष के चार माह पूरे हो चुके हैं और अभी तक निगम प्रशासन के पास प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 3 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। मौजूदा वित्त वर्ष में निगम प्रशासन ने 22 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं पिछले वित्त वर्ष में निगम ने 24 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा था, जबकि 8.87 करोड़ रुपये ही टैक्स के रूप में जमा हुए थे। बता दें कि प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की आय का मुख्य स्रोत है।
निगम को प्रॉपर्टी सील करने का भी अधिकार
अब कोई प्रॉपर्टी टैक्स धारक टैक्स नहीं जमा करवाता है तो निगम प्रशासन उसकी प्रॉपर्टी को सील भी कर सकता है। हालांकि जब से यह नियम लागू हुआ है, तब से आज तक निगम प्रशासन ने कोई भी प्रॉपर्टी सील नहीं की है, जबकि निगम प्रशासन का करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है।