5 किलो गांजा सहित एक काबू
हिसार। सीआईए टीम ने गंगवा-मंगाली रोड नजदीक रेलवे फाटक से एक व्यक्ति को 5 किलो गांजा सहित काबू किया है। सीआईए को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि बास निवासी विनीत गांजा बेचने का काम करता है और वह मंगाली की तरफ से बाइक पर सवार हो गांव गंगवा में गांजा बेचने आ रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी कर मंगाली की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को काबू कर नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम बास आजम शाहपुर निवासी विनीत बताया। उप पुलिस अधीक्षक नारायण चंद की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बाइक पर लदे प्लास्टिक के कट्टे से 5 किलो गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा और बाइक को पुलिस ने कब्जे में लेकर विनीत के खिलाफ आजाद नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी विनीत ने बताया कि वह और दोस्त अमन गांजा बेचने का काम करते हैं। यह गांजा अमन से लेकर आया था। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।