हिसार। आदमपुर उपचुनाव में भव्य बिश्नोई की जीत और कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश (जेपी) की हार पर भाजपा कार्यकर्ता खूब नाचे। भव्य बिश्नोई ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी को 15,714 वोटों से हराया। भव्य के समर्थकों ने सुबह सवा 11 बजे ही तीन राउंड के नतीजे सामने आने पर ही पटाखों से आतिशबाजी शुरू कर दी। इसके बाद 12 बजे ढोल तो एक बजे डीजे पर नाचने लगे। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी की हार पर डीजे पर एक ही गाना ये गलियां ये चौबारा, यहां आना ना दोबारा बजता रहा।
परिजनों के आने के बाद मतगणना केंद्र से बाहर आए भव्य
रविवार को उपचुनाव का रुझान आते के साथ ही भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई के समर्थक महाबीर स्टेडियम के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए। जीत के बाद भव्य बिश्नोई मतगणना केंद्र के अंदर ही रहे। करीब 1 बजकर 35 मिनट पर भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई मतगणना केंद्र पर पहुंचे। उनके आने के कुछ समय बाद पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की पत्नी जसमा देवी अपने पोते भव्य बिश्नोई की जीत में शामिल होने के बाद मतगणना केंद्र पर पहुंची। 2 बजकर 39 मिनट पर आदमपुर के निर्वाचक अधिकारी सुभाष शर्मा ने भव्य बिश्नोई को उपचुनाव का विजेता घोषित किया। इसके बाद परिवार के साथ भव्य बिश्नोई मतगणना केंद्र से बाहर निकले और कार में बैठकर काफिले के साथ मंडी आदमपुर के लिए निकले। संवाद
समर्थक हुए मायूस
भव्य बिश्नोई के समर्थक काफी तादात में महाबीर स्टेडियम के बाहर एकत्रित हुए थे। जब उनका काफिला निकला तो भव्य गाड़ी के अंदर ही बैठे रहे। जीत के बाद समर्थक उनकी एक झलक देखना चाह रहे थे, लेकिन वह गाड़ी से बाहर न आए और समर्थकों के हाथ मायूसी लगी।
कांग्रेस, इनेलो और आप समर्थकों ने बनाई दूरी
उपचुनाव के नतीजा आने से पहले भाजपा समर्थकों में जहां उत्साह देखने को मिल रहा था, वहीं इनेलो और आप के समर्थकों की संख्या नाममात्र दिखाई दी। हालांकि कांग्रेस पार्टी के कुछ समर्थक मौके पर मौजूद रहे।