हिसार में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। एयरपोर्ट के नजदीक सड़क के बीचों-बीच खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से बोलेरो टकरा गई और गाड़ी में सवार चिड़ौद गांव की 62 वर्षीय महिला मायापती की मौके पर मौत हो गई। उनका बेटा जयपाल घायल हो गया। उसका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
परिजनों से मिली जानकारी अनुसार चिड़ौद गांव निवासी जयपाल अपने बेटे और मां मायपती के साथ गाड़ी में बनभौरी गांव स्थित माता के मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए गया था। रात को पूजा के बाद अलसुबह वे वहां से गांव के लिए चले थे। जब एयरपोर्ट के पास पहुंचे तो सड़क के बीचों बीच खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी गाड़ी टकरा गई। मायपती और जयपाल को गंभीर हालत में आसपास के लोग नागरिक अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने मायापती को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।