बरवाला। सड़क किनारे चल रहे बुजुर्ग व्यक्ति को बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसके चलते गांव खेदड़ निवासी 70 वर्षीय दयानंद की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भतीजे रणधीर कुमार के बयान पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को दयानंद अपने भतीजे रणधीर के साथ गांव खेदड़ की तरफ पैदल जा रहा था। जब वह गांव के रास्ते पर थे कि इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने दयानंद को टक्कर मार दी। जिसके कारण दयानंद बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों की सहायता लेकर एंबुलेंस द्वारा उसे शहर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए। उसे अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया। अग्रोहा मेडिकल में दयानंद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। टक्कर लगने के बाद बाइक चालक बाइक सहित मौके से फरार हो गया।
दो युवकों ने चाकू दिखाकर फोटोग्राफर से लूटी बाइक
हांसी। दो युवकों ने फोटोग्राफर को चाकू दिखाकर बाइक लूट ली व फरार हो गए। फोटोग्राफर बस स्टैंड के पास डाटा कॉपी करवाने के बाद घर लौट रहा था। पुलिस को दी शिकायत में सोरखी गांव निवासी फोटोग्राफर कमल ने बताया कि वह शिव नगर कालोनी में कमरा किराये पर लेकर रहता है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह सत्यवान के पास डाटा कॉपी करवाने के लिए गया था।
जिसकी बस स्टैंड के पीछे वीडियो मिक्सिंग की दुकान है। सत्यवान की दुकान पर डाटा कॉपी करवाने के बाद वह अपनी बाइक पर सवार होकर कमरे पर जा रहा था। जैसे ही वह जगदीश कॉलोनी में पहुंचा तो उसकी बाइक के आगे दो युवक आ गए। युवकों ने फोटोग्राफर को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी व उसकी बाइक लूटकर शहर कि तरफ भाग गए। फोटोग्राफर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
शोरूम संचालक पर मारपीट करने का आरोप
हिसार। ठसका निवासी संदीप कुमार ने मटका चौक के पास के एक शोरूम संचालक व उसके साथियों पर मारपीट कर बेहोश करने का आरोप लगाया है। नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन संदीप ने बताया कि वह मटका चौक के पास जूते व कपड़े के शोरूम पर काम करता है। शोरूम मालिक ने शुक्रवार को माल का स्टॉक चेक किया और कहने लगा कि एक लाख रुपये से ज्यादा का माल कम है। यह हेराफेरी तुमने की है। संदीप ने बताया कि वह शनिवार को शोरूम पर गया तो संचालक व उसके दो-तीन साथियों ने मेरे साथ तब तक मारपीट की जब तक मैं बेहोश नहीं हो गया। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।