हांसी। शहर की जनता को अब पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। जनस्वास्थ्य विभाग मंगलवार व शुक्रवार को पुराने जलघर से जुडे क्षेत्रों में राशनिंग करने का फैसला किया है। वाटर टैंक में पानी की कमी होने के कारण विभाग ने यह निर्णय लिया है।
पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में 17 मार्च को पानी आने की उम्मीद है। पहले नहर में 25 दिन बाद पानी आता था मगर अबकि बार 35 दिन बाद पेटवाड़ नहर में पानी आएगा। जिस कारण जन स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार व शुक्रवार को राशनिंग करने का फैसला किया है। राशनिंग से आधे शहर में पेयजल की समस्या बढ़ जाएगी। अब दो दिन छोड़कर पेयजल सप्लाई की जाएगी। वाटर टैंक में पानी की कमी न हो इसके कारण विभाग को ऐसा करना पड़ा है। अगर डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी देरी से आया तो संकट और भी गहरा सकता है। पेयजल सप्लाई अब सप्ताह में दो दिन नहीं आएगी। इससे शहर में पेयजल संकट पैदा हो सकता है। सर्द मौसम में भी शहरवासियों की पानी की किल्लत झेलनी पडेगी।
यह निर्णय केवल पुराने जलघर से सप्लाई होने वाले बूस्टिंग स्टेशन पर लागू होगा। पुराने जलघर से सप्लाई किए जाने वाले क्षेत्रों में ही यह कटौती होगी। जबकि नए जलघर से पानी की सप्लाई में कोई समस्या नहीं होगी।
इन क्षेत्रों में होगी राशनिंग
पुराने जलघर से जुडे क्षेत्रों में राशनिंग का असर होगा। इससे आधा शहर प्रभावित होगा। सदर बाजार, पुराना बस स्टैंड़, नया बस स्टैंड़, भगत सिंह रोड, तिकोना पार्क, काठ मंड़ी, कॉलेज रोड, जवाहर नगर, हुडा सेक्टर, माडल टाउन, शांति निकेतन, मोची मोहल्ला, अमर मार्केट, न्यू सुभाष नगर, काली देवी चौक, कृष्णा कॉलोनी, जगदीश कॉलोनी, मुलतान कॉलोनी, यति नगर, लाल सड़क का कुछ हिस्सा व शहर के कई अन्य हिस्सों में एक दिन छोड़कर पानी मिलेगा।
पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी नहीं है। नहर में पानी 17 मार्च को आना है। इसलिए पुराने जलघर पर निर्भर क्षेत्रों में पानी की राशनिंग की गई है। मंगलवार व शुक्रवार को पेयजल सप्लाई की राशनिंग की जाएगी।
- विक्रम, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग।