हांसी। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर अब नगर परिषद के अधिकारी एक खास योजना लेकर आए हैं। इसमें डोर-टू-डोर कचरा उठाने और सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने के लिए परिषद लोगों के घरों के बाहर क्विक रिस्पांस कोड (क्यूआर कोड) लगाएगा। क्यूआर कोड से पता चलेगा कि लोगों के घर से कचरा उठा या नहीं।
अब हर रोज हर घर से कचरा उठाना परिषद कर्मियों के लिए अनिवार्य हो जाएगा। कोई भी कर्मचारी इसमें लापरवाही नहीं कर पाएगा। क्योंकि अब हर गली में घरों के बाहर क्यूआर कोड लगाया जाएगा और इसे नियंत्रण केंद्र से जोड़ दिया जाएगा। ताकि कूड़ा कहां से उठाया गया व कहां से नहीं इस पर निगरानी रखी जा सके। यह नियंत्रण केंद्र परिषद की सफाई शाखा में ही बनेगा। वहीं से मॉनिटरिंग की जाएगी। यह योजना कई महानगरों में लागू है। परिषद अब इसे शहर में लागू करेगा। शहर के सभी 27 वार्डों में यह क्यूआर कोड लगेगा।
सभी मकानों पर न लगाकर एक गली में 3-4 जगह लगेंगे कोड
शहर में करीब 28 हजार मकान है। ये टैग सभी मकानों पर लगाने की जगह हर 5वें मकान पर लगाए जाएंगे। कचरा उठाने वाली गाड़ी पर इससे संबंधित एक स्कैनर लगाया गया है। गाड़ी जिस मकान के सामने से गुजरती है, उसकी लाइव लोकेशन उसमें फीड हो जाएगी। जिस मकान के सामने गाड़ी रुकेगी तो उसका पता कंपनी के अधिकारियों को रहेगा।
आमजन आसानी से कर सकेंगे शिकायत
अगर किसी मकान, गली या क्षेत्र से कचरा नहीं उठेगा तो आमजन इस कोड को स्कैन करके शिकायत कर सकते हैं। शिकायत मिलने पर तुरंत डाटा जांच करके उस शिकायत की हकीकत का पता लगाया जाएगा। अगर कचरा नहीं उठा होगा तो कर्मचारी को भेजकर कचरा उठवाया जाएगा
टेंडर लगाएगी परिषद
इसके लिए परिषद एक टेंडर लगाकर यह कार्य एजेंसी को सौंप देगी। परिषद द्वारा टिप्पर भी एजेंसी को दिए जाएंगे। एजेंसी द्वारा टिप्पर चलवाए जाएंगे व डोर टू डोर कचरे का उठान करना होगा। अभी शहर को साफ सफाई के लिए चार जोन में बांटा हुआ है। जिसके लिए दो एजेंसी को टेंडर दिया हुआ है।
डोर-टू-डोर कूड़ा उठा या नहीं, इसकी निगरानी के लिए ही यह क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। कचरा न उठने पर क्यूआर कोड से लोग शिकायत कर सकेंगे। जिसका तुरंत समाधान होगा।-
संजय कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद
परिषद ने उठवाया कचरा
सोमवार को एसडीएम के निरीक्षण के दौरान बरवाला बाईपास मार्ग पर सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर को परिषद ने साफ करवाया। यहां पर केवल एक हिस्से के कचरे को परिषद ने उठवाया है। परिषद का कहना है कि अन्य कचरे के ढेर को जल्दी ही उठवाया जाएगा। बता दें कि कचरे के ढेर को देखकर एसडीएम परिषद के अधिकारियों से नाराज दिखे थे। उन्होंने तुरंत कचरे को उठवाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को एसडीएम द्वारा किसी वार्ड में निरीक्षण नहीं किया गया।