हांसी रेलवे स्टेशन पर खेदड़ के थर्मल प्लांट के लिए कोयले लेकर पहुंची मालगाड़ी।
हांसी। हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन पर अब नियमित मालगाड़ी दौडेंगी। इसके लिए रोहतक से हांसी रेल लाइन का सेक्शन खोल दिया गया है। प्रतिदिन करीब 4 मालगाड़ी इस नई रेलवे लाइन से गुजर रही हैं। वहीं नए बने स्टेशनों पर नियमित स्टॉफ की नियुक्ति कर दी गई है।
हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन पर ट्रेन कब से दौडे़ंगी इसके लिए रेलवे ने अभी तक कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की है, लेकिन इस नए रेलवे लाइन को मालगाड़ी के लिए पूर्ण रूप से खोल दिया गया है। पहले दिल्ली से आने वाली मालगाड़ी रोहतक से भिवानी होते हुए हांसी आती थी वह मालगाड़ी अब रोहतक से महम होकर हांसी आ रही है। मालगाड़ी इसी लाइन से वापस भी जा रही हैं। बीते दिनों इस रेलवे लाइन पर मालगाड़ी दौड़ा कर निरीक्षण किया गया था। इसके साथ ही नए बने रेलवे स्टेशन जैसे गढ़ी, मुंढाल व महम पर नियमित स्टॉफ की नियुक्ति कर दी गई है। पहले वहां पर अस्थायी स्टॉफ नियुक्त किया गया था। अब इस नई रेलवे लाइन से प्रतिदिन करीब चार मालगाड़ी गुजरती हैं।
अब जल्दी यात्री ट्रेन चलने के आसार
रेलवे द्वारा पहले ही कहा गया था कि इस नई रेलवे लाइन पर पहले नियमित मालगाड़ी दौड़ाई जाएंगी। उसके कुछ समय बाद यहां पर सवारी ट्रेन दौड़ाई जाएंगी। अब मालगाड़ी के चलने से ट्रेन जल्दी चलने की उम्मीद जाग गई है।
कोहरे में मिल रहा फायदा
नई रेलवे लाइन पर मालगाड़ी दौड़ाने से समय की बचत हो रही है। साथ ही कोहरे में भी फायदा मिल रहा है। क्योंकि पहले मालगाड़ी भिवानी होकर आती थी। वहां ट्रेनों का आवागमन ज्यादा होने के कारण कई बार मालगाड़ी को रोकना पड़ता था। लेकिन इस नए रूट पर अभी ट्रेनों का आवागमन नहीं है। ऐसे में मालगाड़ियों को फायदा मिल रहा है।
118 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हुआ था ट्रायल
वर्ष 2011 में हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन की घोषणा हुई थी। यह रेलवे लाइन अब पूरी तरह से तैयार है। लाइन की जांच के लिए सीआरएस हो चुका है। सितंबर महीने के आखिरी में गढ़ी से हांसी तक की रेलवे लाइन के निरीक्षण के लिए रेलवे सुरक्षा आयुक्त आरके शर्मा पहुंचे थे। 30 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने टविटर (अब एक्स) पर वीडियो जारी कर कहा था कि हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन का काम पूरा हुआ व 118 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सफल रहा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी वीडियो शेयर किया था। 68.5 किमी लंबी रेल लाइन पर कुल पांच स्टेशन होंगे। 20 गांवों के होती हुई रेल रोहतक पहुंचेगी। हांसी के बाद पहले स्टेशन गढ़ी, मदीना, बलंभा, खरकड़ा व रोहतक से पहले बहु-अकबरपुर गांव में स्टेशन होगा। इस रेल मार्ग से हिसार से रोहतक के बीच 20 किमी की दूरी कम होगी।