हिसार। नगर निगम आयुक्त वैशाली शर्मा ने बुधवार को भी पदभार नहीं संभाला। हालांकि वह शहर आईं और उपायुक्त से मिलकर बिना पदभार ग्रहण किए ही लौट गईं। उधर, नगर निगम कार्यालय में अधिकारी फूलों का गुलदस्ता लेकर उनका इंतजार करते रहे।
बता दें कि मंगलवार को नगर निगम के स्टाफ ने निगमायुक्त प्रदीप दहिया के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया था। पहले निगम अधिकारियों को सूचना मिली थी कि निगमायुक्त वंदना शर्मा दोपहर तक कार्यालय में पहुंचकर पदभार ग्रहण करेंगी। मगर वह नहीं आईं। फिर यह सूचना मिली कि वह शाम तक कार्यालय में पहुंचेंगी, लेकिन वह शाम तक कार्यालय में नहीं आईं। इसके बाद यह तय हो गया कि वह बुधवार को ही पदभार संभालेंगी।
सीधे उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं
बुधवार करीब 2 बजे वह सीधे लघु सचिवालय में उपायुक्त कार्यालय पहुंची और उनसे मुलाकात की। जैसे ही यह सूचना निगम कार्यालय में पहुंची कि वह जल्द ही निगम कार्यालय में आएंगी तो सभी अपनी सीटों पर बैठ गए। करीब 3 बजे सभी अधिकारी फूलों के गुलदस्तों के साथ निगम कार्यालय के गेट पर खड़े हो गए कि जैसे ही निगमायुक्त पहुंचेंगी, उनका स्वागत किया जाएगा। करीब आधे घंटे तक भी निगमायुक्त कार्यालय में नहीं आईं। इसी बीच निगम स्टाफ को पता चला कि वह बिना पदभार ग्रहण किए ही लौट गईं। इसके बाद सभी अपने सीटों पर आकर बैठ गए। फिर निगम स्टाफ यही चर्चा होती रही कि आखिर निगमायुक्त ने ज्वाइन क्यों नहीं किया। नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि तबीयत ठीक न होने के कारण निगमायुक्त ने ज्वाइनिंग के लिए थोड़ा समय मांगा है।